गोंडवाना आदिवासी कला केंद्र

मुख्यमंत्री मोहन यादव को धमकी देने के मामले में आरोपी मुंबई से गिरफ्तार,

भोपाल, 26 सितंबर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को जान से मारने की धमकी देने के मामले में भोपाल क्राइम ब्रांच ने मुंबई से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने डायल-112 के व्हाट्सऐप नंबर पर मुख्यमंत्री को लेकर धमकी भरा और आपत्तिजनक संदेश भेजा था। संदेश मिलने के बाद आरोपी ने उसमें दो बार बदलाव कर कुछ और आपत्तिजनक बातें जोड़ीं और बाद में पूरा संदेश डिलीट कर दिया, लेकिन डायल-112 के कर्मचारियों ने उसका स्क्रीनशॉट पहले ही सुरक्षित कर लिया था, जिसे जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य माना जा रहा है। मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दिए जाने के बाद रेडियो मुख्यालय की ओर से भोपाल पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई और प्रकरण की जांच क्राइम ब्रांच को सौंपी गई। तकनीकी जांच में जिस मोबाइल नंबर से संदेश भेजा गया था, उसकी लोकेशन मुंबई में मिली। इसके बाद क्राइम ब्रांच की टीम मुंबई पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी को पूछताछ के लिए भोपाल ला रही है। अधिकारियों के अनुसार पूछताछ में धमकी देने की वजह, संदेश के पीछे का उद्देश्य और आरोपी के संपर्क में रहे लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी। पुलिस आरोपी के मोबाइल फोन, धमकी से जुड़े स्क्रीनशॉट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि धमकी आरोपी ने अपने स्तर पर दी थी या इसके पीछे किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *