
मध्यप्रदेश में सड़क और राजमार्ग परियोजनाओं को समय पर पूरा करने तथा प्रदेश की कनेक्टिविटी को और मजबूत बनाने को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी ने मुख्यमंत्री निवास में राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की समीक्षा की। बैठक में प्रदेश की प्रमुख सड़क परियोजनाओं, निर्माण की प्रगति और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी की पहल से मध्यप्रदेश में सड़क परियोजनाओं का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। बेहतर सड़क नेटवर्क से प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक पहुंच भी आसान हुई है।मुख्यमंत्री ने बैठक में प्रदेश की प्रमुख सड़क परियोजनाओं और भविष्य में प्रस्तावित सड़क विस्तार योजनाओं की जानकारी केंद्रीय मंत्री को दी।
गुणवत्ता और सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता
केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए। प्रत्येक परियोजना का डिजाइन तकनीकी मानकों के साथ-साथ सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखकर तैयार किया जाए।उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण, वन स्वीकृति अथवा स्थानीय स्तर की समस्याओं के कारण किसी परियोजना में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। स्थानीय लोगों की समस्याओं का समाधान आपसी संवाद और समन्वय से किया जाए। राज्य और केंद्र के अधिकारी आपस में लगातार संपर्क बनाए रखें, ताकि परियोजनाओं को समय पर पूरा किया जा सके।
कान्हा को नागपुर, जबलपुर और रायपुर से बेहतर सड़क कनेक्टिविटी
बैठक में पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण कान्हा राष्ट्रीय उद्यान की कनेक्टिविटी को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। केंद्रीय मंत्री ने कान्हा को नागपुर, जबलपुर और रायपुर से बेहतर सड़क नेटवर्क से जोड़ने के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
बालाघाट जिले में सड़क नेटवर्क को और मजबूत करने के लिए भी योजना तैयार करने को कहा गया। बेहतर कनेक्टिविटी से क्षेत्र में पर्यटन और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की संभावना है।
सिंहस्थ-2028 को देखते हुए उज्जैन के मार्ग होंगे मजबूत
सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए उज्जैन से जुड़ने वाले प्रमुख मार्गों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए गए। धार्मिक आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आवागमन को देखते हुए सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करना बैठक के प्रमुख विषयों में शामिल रहा।
केंद्रीय मंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी से जुड़े बटेश्वर का उल्लेख करते हुए अटल एक्सप्रेस-वे को बटेश्वर तक ले जाने की बात भी कही।
शहपुरा टोल प्लाजा पर टोल वसूली स्थगित करने के निर्देश
जबलपुर के शहपुरा आरओबी के क्षतिग्रस्त होने से प्रभावित यातायात और नागरिकों को हो रही परेशानी को देखते हुए केंद्रीय मंत्री श्री गडकरी ने शहपुरा टोल प्लाजा पर टोल वसूली स्थगित करने के निर्देश दिए।
इस निर्णय का उद्देश्य प्रभावित मार्ग पर आवागमन करने वाले लोगों को राहत देना और मौजूदा परिस्थितियों में यात्रियों की परेशानी को कम करना है।
कई प्रमुख परियोजनाओं पर हुई चर्चा
बैठक में प्रदेश की विभिन्न महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इनमें देवास जिले में संदलपुर से नसरूल्लागंज बायपास, उज्जैन-झालावाड़ फोरलेन, सतना-चित्रकूट फोरलेन और जबलपुर-लखनादौन-रायपुर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे से जुड़े विषय प्रमुख रहे।
इसके अलावा लौनी-बुरहानपुर लिंक परियोजना पर भी चर्चा हुई और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उद्योग और पर्यटन दोनों को मिलेगा लाभ
प्रदेश में बेहतर सड़क नेटवर्क का सीधा असर उद्योग, व्यापार, कृषि और पर्यटन पर पड़ने की उम्मीद है। प्रमुख शहरों के साथ सीमावर्ती और जनजातीय क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होने से लोगों के आवागमन और माल परिवहन में सुविधा होगी।
कान्हा, उज्जैन और चित्रकूट जैसे प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों तक बेहतर सड़क सुविधा मिलने से पर्यटकों और श्रद्धालुओं की यात्रा भी अधिक सुगम हो सकेगी।
केंद्र और राज्य के अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह, मुख्य सचिव श्री अशोक बर्णवाल, अपर मुख्य सचिव श्री नीरज मंडलोई, प्रमुख सचिव लोक निर्माण श्री सुखवीर सिंह सहित प्रदेश के वन एवं राजस्व विभाग तथा केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।