मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को उज्जैन के विक्रम सरोवर तीर्थ पर आयोजित छठ पूजा कार्यक्रम को भोपाल से वर्चुअली संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने छठ पर्व की महत्ता बताते हुए कहा कि छठ ऐसा अनूठा पर्व है, जिसमें डूबते और उगते सूर्य दोनों की उपासना की जाती है। सूर्य की ऊर्जा मानव जीवन को शक्ति प्रदान करती है, वहीं जल को जीवन की उत्पत्ति का आधार माना गया है।मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ पर्व पर मिथिलांचल और पूर्वांचल की महिलाएं 36 घंटे तक निर्जला व्रत रखकर कठिन साधना और पूजा-अर्चना करती हैं। उनके द्वारा परिवार की सुख-समृद्धि और सुरक्षा के लिए लिया गया संकल्प भारतीय संस्कृति, आस्था और समर्पण का प्रतीक है।उन्होंने कहा कि बीते एक वर्ष में विक्रम सरोवर के घाटों का जिस तरह विकास और सौंदर्यीकरण हुआ है, उसे देखकर प्रसन्नता हो रही है। छठ पूजा के दौरान यहां दिखाई देने वाले श्रद्धा और भक्ति के दृश्य हमारी समृद्ध संस्कृति का जीवंत दर्शन कराते हैं। मुख्यमंत्री ने बिहार, उत्तर प्रदेश और झारखंड सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं को छठ पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।कार्यक्रम में नगर निगम सभापति श्रीमती कलावती यादव ने भी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि एक वर्ष के भीतर विक्रम सरोवर तीर्थ स्थल का कायाकल्प किया गया है। उन्होंने सूर्य उपासना के इस पावन पर्व को आस्था और परंपरा का महत्वपूर्ण प्रतीक बताया।इस अवसर पर श्री संजय अग्रवाल, कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह, विक्रम विश्वविद्यालय के कुलपति श्री अर्पण भारद्वाज, श्री मुकेश पटेल, श्री परेश कुलकर्णी, श्री गजेंद्र खत्री एवं श्री आनंद खींची सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।