जीवाजी विश्वविद्यालय के 62वें दीक्षांत समारोह में राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने विद्यार्थियों को दिया संदेश, कहा- किताबी ज्ञान के साथ व्यवहारिक अनुभव और तकनीकी दक्षता भी जरूर,
जीवाजी विश्वविद्यालय के 62वें दीक्षांत समारोह में राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने विद्यार्थियों को दिया संदेश, कहा- किताबी ज्ञान के साथ व्यवहारिक अनुभव और तकनीकी दक्षता भी जरूर,
ग्वालियर। जीवाजी विश्वविद्यालय में सोमवार को 62वें दीक्षांत समारोह का आयोजन गरिमामय माहौल में किया गया। समारोह में प्रदेश के राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक और उपाधियां प्रदान कीं। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के दौर में केवल किताबी ज्ञान हासिल करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि जीवन की चुनौतियों का सामना करने के लिए व्यवहारिक अनुभव, तकनीकी दक्षता और नवाचार की क्षमता भी बेहद जरूरी है।राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि विश्वविद्यालयों की जिम्मेदारी है कि वे शिक्षा को रोजगार से जोड़ें और विद्यार्थियों को वर्तमान समय की जरूरतों के अनुरूप तैयार करें। शिक्षा ऐसी होनी चाहिए, जो न केवल गुणवत्तापूर्ण और रोजगारपरक हो, बल्कि विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों का सामना करने में भी सक्षम बनाए।उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। विद्यार्थी अपने कर्म, चरित्र और नवाचार के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान दें। उन्होंने कहा कि शिक्षा और संस्कार केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि उनका प्रभाव व्यक्ति के आचरण और व्यवहार में भी दिखाई देना चाहिए।राज्यपाल ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि मशीनें भले ही हमारे काम को आसान बना सकती हैं, लेकिन मानवीय संवेदना, विवेक और नैतिकता का स्थान कभी नहीं ले सकतीं। उन्होंने शिक्षकों से भी आग्रह किया कि वे विद्यार्थियों में तकनीकी ज्ञान के साथ संवाद कौशल, टीम भावना और कठिन परिस्थितियों में सही निर्णय लेने की क्षमता विकसित करें।कार्यक्रम में राज्य मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष डॉ. अवधेश प्रताप सिंह ने विद्यार्थियों से अपनी शिक्षा का उपयोग समाज और राष्ट्र के समावेशी विकास के लिए करने की अपील की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी भविष्य में जिस भी क्षेत्र में कार्य करें, वहां नैतिकता और मानवता को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।वहीं, सरदार पटेल पुलिस, सुरक्षा एवं दांडिक न्याय विश्वविद्यालय, जोधपुर के कुलगुरु डॉ. आलोक त्रिपाठी ने विद्यार्थियों को सफल जीवन के सूत्र बताते हुए कहा कि चरित्र ही व्यक्ति की सबसे बड़ी उपाधि है। संविधान के मूल्यों को जीवन में अपनाकर ही एक मजबूत और बेहतर राष्ट्र का निर्माण किया जा सकता है।समारोह में जीवाजी विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. दिवाकर सिंह राजपूत ने विद्यार्थियों को दीक्षांत उपदेश दिया और स्वर्ण पदक एवं उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को शिक्षा के सदुपयोग की शपथ दिलाई।इससे पहले राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने सरस्वती पूजन और दीप प्रज्ज्वलन कर समारोह का शुभारंभ किया। उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में पौधरोपण किया तथा विश्वविद्यालय की स्मारिका का विमोचन भी किया।समारोह का समापन राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर पूर्व कुलपति एवं राजनयिक प्रो. आई.एस. चौहान, कुलसचिव डॉ. राजीव मिश्रा, कार्यपरिषद के सदस्य, विभागाध्यक्ष, प्राध्यापक, विद्यार्थी और उनके परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।