ब्यौहारी में आयोजित जनजातीय गौरव सप्ताह के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने किया भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण, शहडोल को 357.71 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की दी सौगातब्यौहारी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा देश के महान क्रांतिकारी और जननायक थे, जिन्होंने मात्र 25 वर्ष की आयु में अपने संघर्ष और साहस से ब्रिटिश हुकूमत को चुनौती दी। उन्होंने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। उनका बलिदान और संघर्ष आज भी देशवासियों, विशेषकर जनजातीय समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ब्यौहारी में आयोजित जनजातीय गौरव सप्ताह के राज्य स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत हुई है। इससे 15 नवंबर की तारीख देश के लिए राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक बन गई है। उन्होंने कहा कि आजादी की लड़ाई में जनजातीय नायकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा, लेकिन लंबे समय तक उनके संघर्ष और बलिदान को उचित पहचान नहीं मिल सकी।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण और आदि पूजा के साथ किया। इस अवसर पर उन्होंने जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और वीरता की गाथाओं पर आधारित प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। देश के 8 से 10 राज्यों से कोल समाज के लोग भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।शहडोल को 357.71 करोड़ के विकास कार्यों की सौगातमुख्यमंत्री ने शहडोल जिले को विकास कार्यों की बड़ी सौगात देते हुए 357.71 करोड़ रुपये की लागत के 82 कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें 8.64 करोड़ रुपये के 10 पूर्ण विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 349.07 करोड़ रुपये के 72 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। इसके साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के 10 हितग्राहियों को चेक और प्रमाण पत्र वितरित किए गए। स्वरोजगार योजना के तहत जग्गू बैगा को 20 लाख रुपये की सहायता राशि भी प्रदान की गई।सड़क, शिक्षा और रोजगार के लिए कई घोषणाएंमुख्यमंत्री डॉ. यादव ने क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए कटनी से सिंगरौली तक फोरलेन सड़क निर्माण, ब्यौहारी विधानसभा क्षेत्र में 10 करोड़ रुपये की लागत से 18 किलोमीटर लंबी सड़क तथा हनुमान मंदिर तक पहुंच मार्ग के लिए 13 करोड़ रुपये की स्वीकृति की घोषणा की। इसके अलावा मऊ से चरखारी तक नई सड़क, शहडोल में डिजिटल लाइब्रेरी और आधुनिक ऑडिटोरियम बनाने की बात कही।उन्होंने संजय टाइगर रिजर्व में नया प्रवेश द्वार बनाने और हाथियों के सर्वेक्षण के लिए विशेष टीम भेजने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने बताया कि शहडोल में नया औद्योगिक पार्क विकसित किया जाएगा, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अब तक 85 हजार पदों पर भर्ती कर चुकी है और आने वाले समय में दो लाख नए पदों पर भर्ती की जाएगी।जनजातीय समाज के विकास और अधिकारों के लिए सरकार प्रतिबद्धमुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने देश, समाज और धर्म की रक्षा के लिए संघर्ष किया। उन्होंने जनजातीय अस्मिता और स्वाभिमान को नई पहचान दी। वीर बूदु भगत और मदारा महतो जैसे जनजातीय नायकों के योगदान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय क्षेत्रों में सिंचाई, शिक्षा, आवास, पेयजल और रोजगार की सुविधाओं को लगातार बढ़ा रही है।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में पीएम जनमन, नल से जल, उज्ज्वला गैस कनेक्शन और प्रधानमंत्री आवास जैसी योजनाओं का लाभ जनजातीय परिवारों तक पहुंच रहा है। जनजातीय गौरव सप्ताह के दौरान प्रदेशभर में लगभग 1500 कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।नक्सलवाद के खात्मे और ग्रामीण विकास पर जोरमुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में नक्सलवाद की समस्या को जड़ से समाप्त करने की दिशा में सरकार ने बड़ी सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि कभी जिन जनजातीय क्षेत्रों में लोग जाने से डरते थे, वहां अब विकास और विश्वास का माहौल तैयार हो रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन बस सेवा फिर से शुरू की जाएगी। पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहित करने के लिए भी सरकार लगातार प्रयास कर रही है।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में विकास कार्यों की योजना बनाते समय कोई भी क्षेत्र छूटना नहीं चाहिए। सरकार का उद्देश्य हर गांव और हर वर्ग तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।कार्यक्रम में विधायक शरद कोल ने भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर मुख्यमंत्री की उपस्थिति को जनजातीय समाज के लिए गौरव और उत्साह का विषय बताया। वहीं सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने क्षेत्र के विकास कार्यों और सिंगरौली से कटनी रेलमार्ग को लेकर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज का गौरवशाली इतिहास, उसके संघर्ष और बलिदान को सम्मान देना सरकार की प्राथमिकता है। प्रदेश का विकास तभी सार्थक होगा, जब जनजातीय अंचलों के प्रत्येक गांव और नागरिक तक विकास की सुविधाएं पहुंचेंगी।