
मानसरोवर ग्लोबल विश्वविद्यालय, सीहोर में बुधवार को दीक्षांत समारोह और ग्रेजुएशन डे का आयोजन किया गया। समारोह में मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीक्षांत की शपथ केवल समारोह का हिस्सा नहीं है, बल्कि इसे जीवनभर अपने आचरण में उतारना चाहिए।राज्यपाल ने विद्यार्थियों से हमेशा विनम्र रहने और सफलता मिलने के बाद भी अभिमान से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि माता-पिता और गुरुजनों से मिले संस्कार तथा विश्वविद्यालय से प्राप्त शिक्षा को अपने जीवन की प्रगति का आधार बनाएं।
चिकित्सकों को दिया मानव सेवा का संदेश
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने दीक्षित होने वाले चिकित्सा विद्यार्थियों को विशेष संदेश देते हुए कहा कि चिकित्सक का सबसे महत्वपूर्ण दायित्व पीड़ित मानवता की सेवा करना है। उन्होंने कहा कि डॉक्टर मरीजों के साथ आत्मीय व्यवहार करें, उनकी समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुनें और संवेदनशीलता के साथ उपचार करें।
अनूप जलोटा और रजत पाटीदार को मानद उपाधि
समारोह में राज्यपाल ने प्रसिद्ध भजन गायक पद्मश्री अनूप जलोटा और मध्यप्रदेश के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर रजत पाटीदार को मानद उपाधि प्रदान की। इसके अलावा विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को विभिन्न उपाधियां और पदक प्रदान किए गए।
अनूप जलोटा ने विद्यार्थियों को सफलता के हर पड़ाव पर विनम्र बने रहने की सीख दी। वहीं रजत पाटीदार ने विद्यार्थियों से प्रत्येक कार्य को पूरी लगन और मेहनत के साथ करने तथा अपने क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ने का आह्वान किया।
सेवा भावना को शिक्षा का हिस्सा बनाने पर जोर
राज्यपाल ने विश्वविद्यालयों से विद्यार्थियों में सेवा भावना विकसित करने के लिए लगातार गतिविधियां आयोजित करने को कहा। उन्होंने रक्तदान शिविर, सामाजिक सहभागिता और वंचित वर्गों की सहायता जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देने की बात कही।उन्होंने कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के प्रतिभावान बच्चों को आगे बढ़ाने के लिए भी विश्वविद्यालयों को आवश्यक कदम उठाने चाहिए। विद्यार्थियों से उन्होंने अपने ज्ञान और प्रतिभा का इस्तेमाल समाज और राष्ट्र निर्माण में करने तथा विकसित भारत के संकल्प में योगदान देने की अपील की।
शिक्षा व्यक्ति के सर्वांगीण विकास का माध्यम
उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री हासिल करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने उपाधि प्राप्त विद्यार्थियों से समाज और देश के कल्याण के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।मध्यप्रदेश निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग के अध्यक्ष डॉ. खेमसिंह डेहरिया ने विद्यार्थियों से प्राप्त ज्ञान के माध्यम से अपने गांव, प्रदेश, संस्थान और देश का नाम रोशन करने की अपील की।
दीप प्रज्ज्वलन से हुआ समारोह का शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने मां सरस्वती की प्रतिमा और भगवान धनवंतरी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर की। विश्वविद्यालय की कुलाधिपति मंजुला तिवारी ने राज्यपाल का पुष्पगुच्छ और पौधा भेंट कर स्वागत किया।समारोह में विश्वविद्यालय के कुलगुरु, पूर्व कुलगुरु, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और उनके परिजन मौजूद रहे। विद्यार्थियों को दीक्षांत शपथ भी दिलाई गई।