
मध्यप्रदेश में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी की मौजूदगी में भोपाल के भेल दश हरा मैदान से ‘मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सात शहरों के लिए 351 इंटरसिटी और इंट्रासिटी बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।कार्यक्रम की खास बात यह रही कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव स्वयं बस में सवार होकर टिकट लेकर भेल दशहरा मैदान से मुख्यमंत्री निवास पहुंचे। इससे उन्होंने सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का संदेश दिया।मुख्यमंत्री ने कहा कि इस सेवा का उद्देश्य प्रदेश के लोगों को सुगम, सुरक्षित, आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है। सरकार की योजना शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ छोटे कस्बों और ग्रामीण इलाकों तक बस कनेक्टिविटी पहुंचाने की है। अगले पांच वर्षों में 3,500 से अधिक मार्गों पर 15 हजार से ज्यादा बसों का चरणबद्ध विस्तार प्रस्तावित है।
75 प्रतिशत ग्राम पंचायतों तक पहुंचेगी परिवहन सुविधा
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के माध्यम से प्रदेश की लगभग 75 प्रतिशत ग्राम पंचायतों तक परिवहन सुविधा का विस्तार किया जाएगा। इसका उद्देश्य दूर-दराज के गांवों को शहरों और प्रमुख बाजारों से जोड़ना तथा आम नागरिकों की यात्रा को आसान बनाना है।नई परिवहन व्यवस्था में आधुनिक बस स्टॉप, बस टर्मिनल और बस डिपो विकसित किए जाएंगे। ऑनलाइन टिकटिंग के साथ ईवी और सीएनजी जैसी पर्यावरण-अनुकूल बसों को प्राथमिकता दी जाएगी। यात्रियों की शिकायतों और सुझावों के लिए 24 घंटे कस्टमर केयर सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
यात्रियों की सुरक्षा पर विशेष जोर
नई बस सेवा में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे, पैनिक बटन, इमरजेंसी डोर और जीपीएस मॉनिटरिंग जैसी व्यवस्थाएं शामिल की गई हैं। बसों की निगरानी और संचालन को तकनीक से जोड़ा जाएगा। ड्राइवरों की ट्रेनिंग और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया है।सरकार के अनुसार वर्ष 2029 तक प्रदेश के विभिन्न मार्गों पर बड़ी संख्या में नई बसें संचालित होंगी, जिनसे प्रमुख शहरों के साथ तीर्थस्थलों, महानगरों और ग्रामीण क्षेत्रों के बीच आवागमन आसान होगा।
नितिन गडकरी ने सार्वजनिक परिवहन को बताया महत्वपूर्ण कदम
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी ने मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा और पीएम ई-बस सेवा की शुरुआत को प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि इसका लाभ गरीब और जरूरतमंद लोगों को भी मिलेगा।उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश को 972 पीएम ई-बसें मिली हैं और राज्य में इलेक्ट्रिक परिवहन को और विस्तार देने की जरूरत है। उन्होंने इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, वैकल्पिक ईंधन और आधुनिक परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने पर जोर दिया।गडकरी ने कहा कि इलेक्ट्रिक और वैकल्पिक ईंधन वाले वाहनों के विस्तार से पेट्रोल-डीजल पर निर्भरता और प्रदूषण को कम करने में मदद मिल सकती है। उन्होंने इथेनॉल और अन्य वैकल्पिक ईंधनों को बढ़ावा देने की आवश्यकता भी बताई।
रोजगार के नए अवसरों पर भी जोर
केंद्रीय मंत्री ने परिवहन और ऑटोमोबाइल क्षेत्र में रोजगार की संभावनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि कैब एग्रीगेटर्स और नई परिवहन सेवाओं के साथ युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं। ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर, वाहन स्क्रैपिंग सेंटर और टेस्टिंग सेंटर बढ़ाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि आधुनिक सार्वजनिक परिवहन केवल यात्रा का साधन नहीं, बल्कि रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ाने का माध्यम भी बन सकता है।
दिव्यांग और बुजुर्ग यात्रियों के लिए विशेष व्यवस्था
नई सिटी बसों को दिव्यांगजनों और बुजुर्गों की सुविधा को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। बसों में यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और पहुंच को बेहतर बनाने के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है।
दो संस्थानों के साथ एमओयू
कार्यक्रम के दौरान सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए दो महत्वपूर्ण समझौतों का भी आदान-प्रदान हुआ। मध्यप्रदेश यात्री परिवहन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड और स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर, भोपाल के बीच परिवहन योजना, शोध, नीति निर्माण और सुरक्षा से जुड़े क्षेत्रों में सहयोग के लिए एमओयू हुआ।इसी तरह एमपीवायपीआईएल और आईआईएम इंदौर के बीच सार्वजनिक परिवहन नवाचार एवं साझेदारी सेल स्थापित करने के लिए समझौता हुआ। इसके तहत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित मोबिलिटी समाधान, यात्री सुरक्षा, ग्रीन मोबिलिटी, मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी और परिचालन दक्षता जैसे क्षेत्रों में नए समाधान विकसित किए जाएंगे।
लोकपथ ऐप पर मिलेगी बसों की जानकारी
लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह ने कहा कि प्रदेश में सड़क और परिवहन कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न विभाग मिलकर काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि लोकपथ ऐप पर मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा की बसों की समय-सारणी भी उपलब्ध कराई जाएगी।
जनता के लिए आसान और सुरक्षित सफर का लक्ष्य
कार्यक्रम में परिवहन मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि प्रदेश में लंबे समय से सार्वजनिक बस सेवा को फिर से मजबूत करने की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के माध्यम से प्रदेशवासियों को आधुनिक और सुरक्षित सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने की दिशा में नई शुरुआत हुई है।इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा, भोपाल के प्रभारी मंत्री श्री चैतन्य काश्यप, सहकारिता मंत्री श्री विश्वास सारंग, राज्य मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर, परिवहन मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह, लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह, भोपाल महापौर श्रीमती मालती राय सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।