गोंडवाना आदिवासी कला केंद्र

बलिदान दिवस कार्यक्रम में आने वाले यात्रियों के लिए निःशुल्क यात्रा की मांग

गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के मध्य प्रदेश प्रदेश अध्यक्ष कमलेश टेकाम ने रेलवे मंत्रालय को पत्र लिखकर 18 सितंबर को जबलपुर में आयोजित होने वाले राजा शंकर शाह और कुंवर रघुनाथ शाह के बलिदान दिवस कार्यक्रम में शामिल होने वाले यात्रियों के लिए निःशुल्क रेल यात्रा की मांग की है।

पत्र में कमलेश टेकाम ने कहा कि राजा शंकर शाह और कुंवर रघुनाथ शाह जनजातीय समाज के गौरव और स्वतंत्रता संग्राम के प्रेरणास्रोत हैं। उनके बलिदान दिवस पर प्रदेशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, सामाजिक कार्यकर्ता और पार्टी कार्यकर्ता जबलपुर पहुंचेंगे। ऐसे में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे मंत्रालय को विशेष व्यवस्था करनी चाहिए।

प्रदेश अध्यक्ष ने मांग की कि कार्यक्रम में शामिल होने वाले यात्रियों को आने-जाने के लिए पूर्ण रूप से निःशुल्क यात्रा की सुविधा दी जाए। इसके साथ ही रेलवे स्टेशनों, प्रमुख मार्गों और ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल और सुरक्षा व्यवस्था तैनात की जाए, ताकि किसी भी यात्री को परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने रेलवे से कार्यक्रम के मद्देनजर अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन, प्रमुख स्टेशनों पर सहायता केंद्र स्थापित करने और यात्रियों को आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की भी अपील की। टेकाम ने कहा कि बलिदान दिवस केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनजातीय समाज के गौरव और ऐतिहासिक योगदान को याद करने का अवसर है।

गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने उम्मीद जताई कि रेलवे मंत्रालय श्रद्धालुओं और यात्रियों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *