
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने फिलीपींस दौरे पर राजधानी मनीला पहुंच गए हैं। इस दौरे को भारत की विदेश नीति और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में उसकी बढ़ती भूमिका के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। प्रधानमंत्री यहां 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इसके साथ ही फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर के साथ उनकी द्विपक्षीय बैठक भी प्रस्तावित है।इस दौरे पर पूरी दुनिया की नजर इसलिए भी टिकी है, क्योंकि भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के बीच बने क्वाड समूह के नेताओं की बैठक भी प्रस्तावित है। करीब दो साल बाद क्वाड नेताओं के एक मंच पर आने की संभावना है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मंगलवार को मनीला पहुंचने का कार्यक्रम है।
भारत-आसियान संबंधों को नई दिशा देने की तैयारी
आसियान-भारत शिखर सम्मेलन भारत की ‘एक्ट ईस्ट’ नीति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस सम्मेलन में दोनों पक्षों के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा होगी। भारत की कोशिश व्यापारिक संबंधों को और मजबूत बनाने के साथ आसियान देशों के साथ आर्थिक सहयोग को नई गति देने की है।बैठक में आसियान-भारत वस्तु व्यापार समझौते (AITIGA) की समीक्षा भी अहम मुद्दा रहेगी। भारत इस समझौते में जरूरी बदलाव चाहता है, ताकि व्यापार में असंतुलन कम हो, टैरिफ संबंधी बाधाएं दूर हों और व्यापार के नियमों को आसान बनाया जा सके।इसके अलावा वर्ष 2026 से 2030 तक के लिए प्रस्तावित आसियान-भारत कार्य योजना पर भी चर्चा होगी। इसमें व्यापार, डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे और क्षेत्रीय संपर्क जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की रणनीति तैयार की जाएगी।
दक्षिण चीन सागर और म्यांमार संकट पर भी चर्चा
21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में क्षेत्रीय सुरक्षा से जुड़े कई संवेदनशील मुद्दे उठ सकते हैं। दक्षिण चीन सागर में बढ़ता तनाव और म्यांमार का राजनीतिक संकट इनमें प्रमुख रहेंगे।भारत लगातार इस बात पर जोर देता रहा है कि दक्षिण चीन सागर में अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत समुद्री आवाजाही और हवाई उड़ानों की स्वतंत्रता बनी रहनी चाहिए। भारत का मानना है कि चीन और आसियान देशों के बीच समुद्री विवादों को लेकर किसी भी समझौते को अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप होना चाहिए।
फिलीपींस के साथ रक्षा सहयोग पर रहेगा जोर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर की द्विपक्षीय मुलाकात भी इस दौरे का महत्वपूर्ण हिस्सा होगी। माना जा रहा है कि बातचीत में रक्षा सहयोग को और मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।गौरतलब है कि फिलीपींस भारत से ब्रह्मोस एंटी-शिप मिसाइल खरीद चुका है। ऐसे में दोनों देशों के बीच रक्षा उपकरणों की खरीद, सैन्य प्रशिक्षण और रक्षा प्रणालियों के रखरखाव जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं पर चर्चा हो सकती है।कुल मिलाकर प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा भारत के लिए केवल कूटनीतिक मुलाकातों तक सीमित नहीं है। इसके जरिए भारत आसियान देशों के साथ व्यापारिक रिश्तों को मजबूत करने, हिंद-प्रशांत क्षेत्र में रणनीतिक साझेदारी बढ़ाने और क्षेत्रीय सुरक्षा के मुद्दों पर अपनी भूमिका को और प्रभावी बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।