गोंडवाना आदिवासी कला केंद्र

संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती पर प्रदेशभर में गूंजेगा समरसता का संदेश,

भोपाल। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर मध्यप्रदेश में सामाजिक समरसता, समानता, भक्ति, सेवा और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक स्तर पर समरसता संकल्प अभियान एवं कलश यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार को भोपाल के रवीन्द्र भवन में पूर्वाह्न 11 बजे आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से इस अभियान का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जिलों के लिए पावन कलश भी रवाना किए जाएंगे।यह अभियान केवल एक धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि संत रविदास जी के जीवन-दर्शन और उनके समतामूलक विचारों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा। अभियान के माध्यम से सामाजिक एकता, भाईचारे, सेवा और सामाजिक न्याय की भावना को मजबूत करने के साथ नागरिकों को समरस समाज के निर्माण का संकल्प दिलाया जाएगा।

गांव-गांव तक पहुंचेगा समरसता का संदेश

18 अगस्त से प्रारंभ होने वाले प्रदेशव्यापी अभियान के अंतर्गत प्रदेश, जिला और ग्राम स्तर पर चरणबद्ध तरीके से विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान में स्थानीय नागरिकों के साथ संतों, गुरुओं, सामाजिक संगठनों और समाज के प्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।अभियान के तहत 20 अगस्त 2026 को सभी जिला मुख्यालयों पर कलश वंदन एवं सम्मान समारोह आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद पावन कलश को कलश रथ के माध्यम से स्थानीय रविदास मंदिरों और ग्राम स्तर तक ले जाया जाएगा। प्रदेश के सभी जिलों में निर्धारित मार्गों पर 20 अगस्त से 10 सितंबर 2026 तक कलश रथ यात्राएं निकाली जाएंगी।कलश यात्राओं के दौरान स्थानीय स्तर पर लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए संत रविदास जी के विचारों और उनके सामाजिक समरसता के संदेश को आमजन तक पहुंचाया जाएगा।

धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से बनेगा उत्सव का वातावरण

समरसता संकल्प अभियान के दौरान जिला, ग्राम और चिन्हित स्थानीय मंदिरों में विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें सामूहिक आरती, गुरुवाणी पाठ, भजन संध्या, समरसता संकल्प और अन्य स्थानीय कार्यक्रम प्रमुख रूप से शामिल होंगे।इन आयोजनों में स्थानीय संतों और गुरुओं के साथ समाज के प्रतिनिधियों तथा नागरिकों को भी जोड़ा जाएगा। इसका उद्देश्य संत रविदास जी के जीवन और उनके विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना तथा समाज में समानता और सद्भाव की भावना को और मजबूत करना है।

अक्टूबर-नवंबर में निकलेगी श्री गुरु रविदास महाराज समरसता यात्रा

अभियान का एक प्रमुख चरण 5 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 के बीच आयोजित होने वाली श्री गुरु रविदास महाराज समरसता यात्रा होगी। यह यात्रा डेरा सचखण्ड, बल्लन (जालंधर) से प्रारंभ होकर मध्यप्रदेश के विभिन्न स्थानों से होकर गुजरेगी।यात्रा के प्रमुख पड़ावों पर भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही समरसता संकल्प, समरसता गोष्ठी और संत रविदास जी के विचारों पर केंद्रित विभिन्न कार्यक्रम होंगे। इनमें समता, सेवा, सामाजिक न्याय और बेगमपुरा के आदर्श समाज की अवधारणा को प्रमुखता से रखा जाएगा।यात्रा के माध्यम से समाज के सभी वर्गों के बीच आपसी भाईचारे और समानता का संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही युवाओं और नई पीढ़ी को संत रविदास जी के विचारों से जोड़ने पर भी विशेष ध्यान रहेगा।

संत संपर्क कार्यक्रम से जुड़ेगा संत समाज

अभियान के तहत 18 से 31 अगस्त 2026 तक प्रदेश स्तर पर संत संपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान संतों और गुरुओं को अभियान के उद्देश्यों तथा प्रस्तावित गतिविधियों की जानकारी दी जाएगी। उन्हें सामाजिक समरसता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता के लिए आमंत्रित किया जाएगा।संत समाज की सहभागिता से अभियान को व्यापक सामाजिक आधार देने और संत रविदास जी के संदेश को अधिक प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

विभिन्न विभागों को सौंपी गई जिम्मेदारियां

प्रदेशव्यापी अभियान के सफल संचालन के लिए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। अनुसूचित जाति कल्याण विभाग अभियान का नोडल एवं समन्वयकर्ता विभाग रहेगा। जनजातीय जिलों में जनजातीय कार्य विभाग समन्वय की भूमिका निभाएगा।जिला मुख्यालय और नगरीय क्षेत्रों में आवश्यक व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी नगरीय विकास एवं आवास विभाग की होगी, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेगा। योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग भी अभियान से जुड़े कार्यों में सहयोग करेगा।अभियान के संबंध में जन-जागरूकता और जनभागीदारी बढ़ाने के लिए योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग तथा जन अभियान परिषद द्वारा आवश्यक गतिविधियां संचालित की जाएंगी। वहीं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन, समन्वय और संयोजन की जिम्मेदारी संस्कृति विभाग द्वारा निभाई जाएगी।

समरस समाज के संकल्प को मजबूत करेगा अभियान

संत शिरोमणि गुरु रविदास जी का जीवन समाज में समानता, भक्ति, सेवा और मानवता की प्रेरणा देता है। उनकी शिक्षाओं में सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठकर सभी मनुष्यों को समान दृष्टि से देखने और एक ऐसे समाज की कल्पना करने का संदेश मिलता है, जहां सम्मान और न्याय सभी के लिए समान हो।प्रदेशव्यापी समरसता संकल्प अभियान इसी विचारधारा को व्यापक जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाने का प्रयास है। कलश यात्रा से लेकर समरसता यात्रा तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदेश में सामाजिक एकता और सद्भाव का वातावरण बनाने का संदेश दिया जाएगा।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा भोपाल से अभियान के शुभारंभ के साथ ही प्रदेश के सभी जिलों में इसकी गतिविधियों की शुरुआत होगी। आने वाले महीनों में विभिन्न चरणों में आयोजित होने वाले कार्यक्रम संत रविदास जी के 650वें जयंती वर्ष को सामाजिक समरसता और जनभागीदारी के व्यापक अभियान के रूप में स्थापित करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *