भोपाल, 15 अगस्त। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज मुख्यमंत्री निवास परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सचिवालय और मुख्यमंत्री निवास कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, सुरक्षा कर्मियों और मुख्यमंत्री निवास में कार्यरत समस्त कर्मियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को और मजबूत करने का अवसर है।इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपनी सुरक्षा में तैनात अधिकारी-कर्मचारियों की उत्कृष्ट सेवाओं की सराहना की। उन्होंने उनके समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के लिए सम्मानित करने की घोषणा करते हुए प्रमाण-पत्र और पुरस्कार प्रदान किए जाने की बात कही।मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में तैनात कर्मी निरंतर जिम्मेदारी और सजगता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। उनके समर्पण और सेवाभाव का सम्मान करना हम सभी का दायित्व है।समारोह में मुख्यमंत्री सचिवालय एवं मुख्यमंत्री निवास कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व को गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया।