गोंडवाना आदिवासी कला केंद्र

मध्यप्रदेश में खेलों को मिलेगा बढ़ावा, अकादमी के लिए जमीन देगी सरकार: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

मध्यप्रदेश में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों का केंद्र बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा भरोसा दिलाया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में किसी भी खेल की अकादमी स्थापित करने के लिए जमीन की जरूरत होगी तो सरकार उसे उपलब्ध कराने के लिए तैयार है। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश में हर खेल को बेहतर सुविधाएं मिलें और खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर का मंच मिले।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इंदौर में भारतीय बिलियर्ड्स एवं स्नूकर महासंघ (BSFI) के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित वर्ल्ड स्नूकर चैंपियनशिप-2026 के शुभारंभ समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि महासंघ का शताब्दी वर्ष भारतीय खेल जगत के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। इस अवसर पर उन्होंने महासंघ के पदाधिकारियों, खिलाड़ियों और मध्यप्रदेश बिलियर्ड्स एवं स्नूकर संघ को बधाई दी।इंदौर में आयोजित इस विश्व स्तरीय प्रतियोगिता में करीब 35 देशों के 150 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। मुख्यमंत्री ने विदेशी खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि इंदौर मां अहिल्या की नगरी और मालवा की आर्थिक राजधानी है। यहां अतिथि सत्कार की समृद्ध परंपरा रही है। प्रदेश में आने वाले खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और अच्छा आतिथ्य उपलब्ध कराया जाएगा।उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के लिए यह गौरव की बात है कि महज तीन दिनों के भीतर प्रदेश में दो अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताएं आयोजित हो रही हैं। आगामी 19 नवंबर को प्रदेश में महिला हॉकी की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता भी होने जा रही है। इससे साफ है कि मध्यप्रदेश तेजी से अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के लिए अपनी पहचान बना रहा है।

खिलाड़ियों के साथ प्रशिक्षकों का भविष्य भी जरूरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी खिलाड़ी की सफलता के पीछे उसके प्रशिक्षक की मेहनत और मार्गदर्शन की बड़ी भूमिका होती है। इसलिए खिलाड़ियों के साथ खेल प्रशिक्षकों का भविष्य भी सुरक्षित और उज्ज्वल होना चाहिए। उन्होंने बताया कि शिक्षा मंत्री रहते हुए उन्होंने खेल प्रशिक्षकों से जुड़ी व्यवस्थाओं में जरूरी बदलाव किए थे, ताकि उन्हें उच्च शैक्षणिक पदों और पदोन्नति के बेहतर अवसर मिल सकें।उन्होंने यह भी कहा कि नई शिक्षा नीति के तहत खेलों को शिक्षा व्यवस्था से जोड़ा जा रहा है। खेलों को विषय के रूप में शामिल करने से विद्यार्थियों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ेगी और स्कूल स्तर से ही नई प्रतिभाओं को आगे आने का मौका मिलेगा।

प्रधानमंत्री के नेतृत्व में खेलों को मिल रहा प्रोत्साहन

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों को नई पहचान और प्रोत्साहन मिला है। ओलंपिक, एशियाई खेल और कॉमनवेल्थ जैसे अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन लगातार बेहतर हो रहा है। सरकार की सकारात्मक नीतियों और बेहतर अवसरों से खिलाड़ियों को अपनी क्षमता साबित करने का मौका मिल रहा है।कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वर्ल्ड स्नूकर चैंपियनशिप-2026 के सफल आयोजन की कामना करते हुए प्रतियोगिता के शुभारंभ की घोषणा की। इस दौरान उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्नूकर खिलाड़ी पंकज आडवाणी के साथ बिलियर्ड्स टेबल पर खेल में हाथ भी आजमाया।कार्यक्रम में महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक रमेश मेन्दौला, भारतीय बिलियर्ड्स एवं स्नूकर महासंघ के पदाधिकारी, मध्यप्रदेश बिलियर्ड्स एवं स्नूकर संघ के प्रतिनिधि, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी गीत सेठी और पंकज आडवाणी सहित देश-विदेश से आए कई खेल जगत के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *