गोंडवाना आदिवासी कला केंद्र

बलराम कृषि महोत्सव किसानों की समृद्धि की दिशा में सरकार का सार्थक प्रयास: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव,

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि अन्नदाता किसानों के खेत-खलिहान और घर-आंगन में समृद्धि लाने के लिए राज्य सरकार मिशन मोड में काम कर रही है। किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त और सुविधा-संपन्न बनाने के उद्देश्य से सरकार कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक, बेहतर सुविधाओं और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को बढ़ावा दे रही है। बलराम कृषि महोत्सव इसी दिशा में सरकार का एक सार्थक प्रयास है।मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को मुख्यमंत्री निवास से दतिया जिले में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित कर रहे थे। सावन के अंतिम सोमवार का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने भगवान महाकाल से प्रदेश के किसानों की खुशहाली और समृद्धि की कामना की।

किसानों की आय बढ़ाने पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि दतिया जिला पीतांबरा माई के प्रसाद और प्रसिद्ध दतिया गुड़ के लिए जाना जाता है। दतिया का गुड़ एक जिला-एक उत्पाद योजना में शामिल है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के किसान की पहचान देशभर में बने, इसके लिए सरकार किसानों के हित में लगातार योजनाएं संचालित कर रही है।मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष प्रदेश में 104 लाख मीट्रिक टन गेहूं का उत्पादन हुआ है। आने वाले समय में गेहूं की खरीदी 2700 रुपये प्रति क्विंटल के न्यूनतम समर्थन मूल्य पर किए जाने की बात भी उन्होंने कही।

खेती में बढ़ी उत्पादकता, किसानों को मिलेगी दिन में बिजली

मुख्यमंत्री ने कहा कि दतिया सहित प्रदेश में कृषि उत्पादन को बढ़ाने के प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। धान की पैदावार में प्रति हेक्टेयर 32 क्विंटल से बढ़कर 36 क्विंटल तक वृद्धि हुई है। मूंगफली और गेहूं का रकबा भी बढ़ा है।उन्होंने कहा कि आने वाले समय में गेहूं और चने की फसल के लिए किसानों को रात के साथ-साथ दिन में भी बिजली उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। खाद-बीज के लिए लिए जाने वाले कृषि ऋण को जून-जुलाई में शून्य प्रतिशत ब्याज पर जमा करने की सुविधा भी किसानों को दी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों के हित में 31 मार्च तक ऋण जमा करने की अनिवार्यता को समाप्त किया गया है।

जमीन न बेचें किसान, खेती बनेगी लाभ का व्यवसाय

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किसानों से अपील की कि वे अपनी खेती की जमीन बेचने से बचें। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कृषि क्षेत्र में बड़े बदलाव होंगे और खेती लाभ का व्यवसाय बनने की दिशा में आगे बढ़ रही है।उन्होंने किसानों से उन्नत कृषि तकनीक अपनाने, उत्पादन बढ़ाने और अधिक से अधिक स्वावलंबी बनने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने परिवारों से बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता देने और विवाह आदि में अनावश्यक खर्च से बचने की भी अपील की।

पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की आर्थिक समृद्धि के लिए कृषि के साथ-साथ पशुपालन, दुग्ध उत्पादन और उद्यानिकी को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में मध्यप्रदेश दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करेगा।डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के माध्यम से गौपालन को प्रोत्साहित किया जा रहा है। योजना के अंतर्गत 5 हजार निराश्रित गौवंश के पालन का लक्ष्य रखा गया है।

युवा किसान से किया संवाद

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दतिया जिले के ग्राम बड़ेरा निवासी और एमएससी एग्रीकल्चर की पढ़ाई कर रहे युवा किसान हरिमोहन राजपूत से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद किया। हरिमोहन ने मुख्यमंत्री को अपनी गन्ने की फसल और अच्छी पैदावार के बारे में जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने अन्य किसानों से भी खेती-किसानी और उनकी समस्याओं के संबंध में संवाद किया।कार्यक्रम में जिले के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को सम्मानित भी किया गया।

आधुनिक कृषि यंत्रों और तकनीक का प्रदर्शन

बलराम कृषि महोत्सव में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, कृषि यंत्रों और खेती की नवीन पद्धतियों की जानकारी देने के लिए कृषि प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी में करीब 16 स्टॉल लगाए गए।इन स्टॉलों पर रीपर कम बाइंडर, डीएसआर मशीन, हैप्पी सीडर, सुपर सीडर, स्मार्ट सीडर, स्ट्रॉ रीपर, थ्रेशर, लेजर लैंड लेवलर, सीड-कम-फर्टिलाइजर ड्रिल, रोटोकल्टीवेटर, रोटावेटर, पावर स्प्रेयर और प्लाऊ सहित आधुनिक कृषि यंत्रों का प्रदर्शन किया गया।कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को इन यंत्रों की उपयोगिता, संचालन और कृषि कार्यों में प्रभावी उपयोग की जानकारी दी। उद्यानिकी विभाग, कृषि विज्ञान केंद्र और आत्मा परियोजना के स्टॉलों के माध्यम से किसानों को प्राकृतिक खेती, जैविक खेती, उन्नत कृषि पद्धतियों और आधुनिक फसल उत्पादन तकनीकों की जानकारी भी दी गई।प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में किसानों ने आधुनिक कृषि यंत्रों और तकनीकों का अवलोकन किया तथा विशेषज्ञों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी बलराम कृषि महोत्सव कपिल यार्दे, मेघसिंह गुर्जर, विधायक दतिया घनश्याम सिंह, जिला पंचायत कृषि स्थायी समिति अध्यक्ष रामनरेश यादव, प्रशांत ढेंगुला, बृजेश यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *