भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में राज्यों के स्थापना दिवस समारोह आयोजित करना भारतीय संस्कृति और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने की अनूठी पहल है। ऐसे आयोजन अलग-अलग राज्यों की सांस्कृतिक पहचान को सामने लाने के साथ देशवासियों में राष्ट्रप्रेम और एकता की भावना को भी नई ऊर्जा देते हैं। यह बात राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने बुधवार को लोकभवन में उत्तराखण्ड और झारखण्ड के संयुक्त स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए कही।राज्यपाल ने दोनों राज्यों के निवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत की असली ताकत उसकी सांस्कृतिक विविधता और आपसी एकजुटता में है। स्थापना दिवस जैसे आयोजन विभिन्न राज्यों की परंपराओं, उपलब्धियों और प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हैं। साथ ही एक भारत-श्रेष्ठ भारत की भावना को भी मजबूत बनाते हैं।सांदीपनि सभागार में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखण्ड और झारखण्ड का गठन वर्ष 2000 में हुआ था। दोनों राज्यों की अपनी अलग सांस्कृतिक पहचान, प्राकृतिक संपदा और गौरवशाली परंपराएं हैं। उत्तराखण्ड प्रकृति संरक्षण, जल संवर्धन और पर्यावरण संतुलन का संदेश देता है, जबकि झारखण्ड जनजातीय स्वाभिमान, सामुदायिक एकता और संघर्ष की विरासत के लिए जाना जाता है।उत्तराखण्ड की विशेषताओं का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि हिमालय की आध्यात्मिक चेतना, गंगा-यमुना और चारधाम इस राज्य को विश्व स्तर पर विशिष्ट पहचान दिलाते हैं। पर्यटन, शिक्षा, जल विद्युत, औद्योगिक विकास और जैविक कृषि के क्षेत्र में भी राज्य ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। छोलिया नृत्य, झोड़ा, छपेली और कुमाऊंनी-गढ़वाली लोकगीत यहां की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाते हैं।झारखण्ड की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि यह राज्य प्राकृतिक संपदा, खनिज संसाधनों और जनजातीय गौरव का महत्वपूर्ण केंद्र है। भगवान बिरसा मुंडा, सिद्धो-कान्हू और तिलका मांझी जैसे महान जननायकों का संघर्ष और बलिदान देश के लिए प्रेरणास्रोत है। कोयला, लौह अयस्क, तांबा, अभ्रक और बॉक्साइट जैसे खनिज देश के औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। सरहुल, करमा, सोहराय और छऊ नृत्य जैसी परंपराएं झारखण्ड की सांस्कृतिक पहचान को समृद्ध बनाती हैं।

राज्यपाल ने कहा कि राष्ट्रीय एकता केवल सीमाओं से नहीं, बल्कि विचारों, संस्कृतियों और समाज के प्रत्येक वर्ग को मिलने वाले सम्मान से मजबूत होती है। उन्होंने दोनों राज्यों के नागरिकों से अपनी श्रेष्ठ परंपराओं से प्रेरणा लेकर सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।समारोह की शुरुआत में कुमाऊं समाज भोपाल के सुरेश कर्नाटक, गढ़वाली समाज के विजय सिंह नेगी और झारखण्ड समाज के उम्बुल रंजीत तिरू ने राज्यपाल का पुष्पगुच्छ, शॉल और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम में उत्तराखण्ड और झारखण्ड के राज्यपालों के वीडियो संदेशों के साथ दोनों राज्यों के परिचय पर आधारित लघु फिल्में भी दिखाई गईं।इस दौरान दोनों राज्यों की बालिकाओं ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। राज्यपाल ने प्रतिभागियों की सराहना करते हुए उन्हें ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के अंत में मध्यप्रदेश के विकास और वैभव पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया।समारोह में राज्यपाल के प्रमुख सचिव डॉ. नवनीत मोहन कोठारी, उप सचिव सुनील दुबे सहित उत्तराखण्ड और झारखण्ड के मध्यप्रदेश में निवासरत नागरिक तथा लोकभवन के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अवर सचिव आभा शुक्ला ने किया और आभार सुरेश कर्नाटक ने व्यक्त किया।