गोंडवाना आदिवासी कला केंद्र

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से की मुलाकात, राजनीतिक हालात पर चर्चा,

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शनिवार को 5, देशरत्न मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास पहुंचे, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की। इस दौरान उनके साथ डिप्टी सीएम विजय चौधरी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दोनों नेताओं का गर्मजोशी से स्वागत किया।मुलाकात के दौरान नीतीश कुमार और सम्राट चौधरी के बीच लगभग 15 मिनट तक बातचीत हुई। सामने आई तस्वीरों में नीतीश कुमार मुस्कुराते हुए नजर आए और उन्होंने सम्राट चौधरी के कंधे पर हाथ रखकर आत्मीयता प्रदर्शित की। वहीं, सम्राट चौधरी ने भी हाथ जोड़कर उनका अभिवादन किया।नई सरकार के गठन के बाद यह पहला अवसर है जब नीतीश कुमार मुख्यमंत्री और दोनों उपमुख्यमंत्रियों से मिलने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने नई सरकार को बधाई देते हुए कहा, “अच्छे से काम करते रहिए आपलोग।” बताया जा रहा है कि इस बैठक में राज्य की मौजूदा राजनीतिक स्थिति, सरकार के कामकाज और भविष्य की रणनीतियों पर चर्चा हुई।यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब बिहार की राजनीति में लगातार बदलाव और नए समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हैं।

नई सरकार के गठन के बाद से राज्य में शराबबंदी कानून को लेकर कई अटकलें लगाई जा रही थीं। हालांकि, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने स्पष्ट किया है कि राज्य में शराबबंदी कानून को और सख्ती से लागू किया जाएगा और इसे समाप्त करने पर कोई विचार नहीं है।मुख्यमंत्री के इस फैसले का पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समर्थन किया है। वहीं, विपक्षी दलों, विशेषकर राजद ने भी इस निर्णय का समर्थन किया है। जदयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि सम्राट चौधरी ने नीतीश कुमार के संकल्पों को आगे बढ़ाया है, जिसके लिए वे बधाई के पात्र हैं।इस मुलाकात और फैसलों के बाद राज्य की राजनीति में नए संकेत मिलने की चर्चा तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *