गोंडवाना आदिवासी कला केंद्र

तमिलनाडु में 48 हजार करोड़ की रेल परियोजनाओं पर भूमि अधिग्रहण का पेंच, TVK सरकार को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की दोटूक,

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने तमिलनाडु की मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली TVK सरकार से राज्य में स्वीकृत रेलवे परियोजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में तेजी लाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार तमिलनाडु में रेलवे विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, लेकिन परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए राज्य सरकार को भी अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।चेन्नई के त्यागराय नगर (टी. नगर) में आयोजित संविधान दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रेल मंत्री ने बताया कि तमिलनाडु में लगभग 48 हजार करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाएं स्वीकृत हैं। इन परियोजनाओं के लिए करीब 4,800 हेक्टेयर भूमि की आवश्यकता है, जबकि अब तक केवल 1,253 हेक्टेयर यानी लगभग 24 प्रतिशत भूमि का ही अधिग्रहण हो पाया है।अश्विनी वैष्णव ने TVK सरकार से कहा कि वह भूमि अधिग्रहण को चुनौती के रूप में स्वीकार करे। राज्य सरकार आवश्यक जमीन उपलब्ध कराती है तो केंद्र सरकार सभी स्वीकृत रेलवे परियोजनाओं को बिना किसी बाधा के पूरा करने की दिशा में काम करेगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर जिम्मेदारियों से पीछे नहीं हटना चाहिए।रेल मंत्री ने बताया कि तमिलनाडु में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 77 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। चेन्नई एग्मोर, मदुरै और काटपाडी जैसे प्रमुख स्टेशनों पर निर्माण कार्य जारी है, जबकि कई अन्य स्टेशनों का पुनर्निर्माण पूरा हो चुका है। उन्होंने राज्य में संचालित नौ वंदे भारत ट्रेनों का भी उल्लेख किया।उन्होंने भविष्य की रेल कनेक्टिविटी पर चर्चा करते हुए कहा कि बुलेट ट्रेन परियोजनाओं के शुरू होने के बाद चेन्नई से बेंगलुरु की यात्रा लगभग 73 मिनट में पूरी हो सकेगी। वहीं, हैदराबाद, अमरावती और चेन्नई के बीच भी तेज रेल संपर्क विकसित करने की योजना है।इस दौरान रेल मंत्री ने तिरुपरनकुंद्रम में कार्तिगई दीपम जलाने से जुड़े विवाद पर भी तमिलनाडु सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि किसी को दीप जलाने से रोका जा सकता है, लेकिन तमिलनाडु के लोगों की तरक्की और विकास की आकांक्षाओं को नहीं रोका जा सकता।वहीं, तमिलनाडु सरकार की ओर से भूमि अधिग्रहण को लेकर अलग-अलग परियोजनाओं में प्रशासनिक स्वीकृति और मुआवजे की प्रक्रिया में प्रगति का दावा किया गया है। राज्य सरकार ने समय पर धनराशि जारी करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया है।रेल मंत्री ने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय से तमिलनाडु में रेलवे का बुनियादी ढांचा मजबूत होगा और यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ बेहतर रेल कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *