भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि संतों की महानता उनके पद, प्रतिष्ठा या संपत्ति से नहीं, बल्कि उनके त्याग, तपस्या, संयम और मानवता के कल्याण के लिए किए गए कार्यों से पहचानी जाती है। परमपूज्य संत शिरोमणि 108 आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज त्याग, तपस्या और करुणा की साक्षात प्रतिमूर्ति थे। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन जनकल्याण, जीवदया और आध्यात्मिक साधना के लिए समर्पित कर दिया।मुख्यमंत्री शुक्रवार को भोपाल के एमपी नगर स्थित विद्योदय तीर्थ में केंद्रीय संचार मंत्रालय द्वारा आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज की स्मृति में जारी स्मारक डाक टिकट के विमोचन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पांच रुपये मूल्य के स्मारक डाक टिकट का विमोचन किया और इसके लिए केंद्र सरकार तथा केंद्रीय संचार मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का आभार व्यक्त किया। केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने नई दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में सहभागिता की।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज भले ही आज भौतिक रूप से हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके विचार, आदर्श और आशीर्वाद सदैव समाज का मार्गदर्शन करते रहेंगे। उनका जीवन हमें ‘जियो और जीने दो’ का संदेश देता है। उन्होंने समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण और जीवों के प्रति करुणा का भाव रखते हुए अपना जीवन लोकहित में समर्पित किया।उन्होंने कहा कि जिस प्रकार सूर्य के प्रकाश में सात रंग समाहित होते हैं, लेकिन उन्हें देखने के लिए प्रिज्म की आवश्यकता होती है, उसी प्रकार आचार्य श्री के विचार और आध्यात्मिक ऊर्जा आज भी हमारे आसपास विद्यमान हैं। उनके जीवन दर्शन से समाज को सदैव प्रेरणा मिलती रहेगी।समारोह में पूज्य संत श्री समय सागर जी महाराज के सानिध्य में डाक विभाग द्वारा स्मारक डाक टिकट का विमोचन किया गया। इससे पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने संत श्री समय सागर जी महाराज के पाद प्रक्षालन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। साथ ही दीप प्रज्ज्वलन कर आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के चित्र का अनावरण किया।कार्यक्रम में दिगम्बर जैन पंचायत समिति के पदाधिकारियों ने आचार्य श्री के जीवन दर्शन, जीवदया, पशु कल्याण और सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान को याद किया।इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री श्री तुलसी सिलावट, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत, पूर्व मंत्री श्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह, विधायक श्री आशीष शर्मा, विधायक श्री देवेन्द्र जैन, म.प्र. हाउसिंग बोर्ड अध्यक्ष श्री ओम जैन, भोपाल महापौर श्रीमती मालती राय, मुख्य पोस्ट मास्टर जनरल श्री विनीत माथुर, दिगम्बर जैन पंचायत समिति अध्यक्ष श्री पंकज जैन सुपारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।