गोंडवाना आदिवासी कला केंद्र

गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग पर किसानों का उग्र प्रदर्शन, नेशनल हाईवे-44 पर किया चक्काजाम,

नरसिंहपुर में आठ किसान संगठनों के बैनर तले सैकड़ों किसानों ने किया प्रदर्शन, पुलिस से हुई झड़प; 50 से अधिक किसान नेताओं को बसों में बैठाकर हटायानरसिंहपुर। जिले में गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल किए जाने की मांग को लेकर किसानों का आंदोलन गुरुवार को उग्र हो गया। अपनी मांगों को लेकर एकजुट हुए सैकड़ों किसानों ने नेशनल हाईवे-44 पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के चलते नरसिंहपुर से सागर मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। इस दौरान पुलिस और किसान नेताओं के बीच तीखी बहस के बाद धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 50 से अधिक किसान नेताओं को बसों में बैठाकर प्रदर्शन स्थल से हटा दिया।किसानों का कहना है कि वर्तमान में शक्कर मिल संचालकों द्वारा गन्ने का भुगतान लगभग 450 रुपये प्रति क्विंटल की दर से किया जा रहा है, जबकि खेती की लागत लगातार बढ़ रही है। खाद, बीज, मजदूरी, बिजली और सिंचाई पर होने वाले खर्च को देखते हुए यह राशि पर्याप्त नहीं है। किसानों की मांग है कि गन्ने का मूल्य बढ़ाकर 600 रुपये प्रति क्विंटल किया जाए, ताकि उन्हें उनकी मेहनत और उत्पादन का उचित दाम मिल सके। किसानों ने शक्कर के बाजार भाव का हवाला देते हुए भी अपनी मांग को जायज बताया।इसी मांग को लेकर जिले के आठ किसान संगठनों के सदस्य गुरुवार को बड़ी संख्या में एकत्रित हुए और नेशनल हाईवे-44 पर बैठकर चक्काजाम कर दिया। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने किसानों से बातचीत कर जाम खोलने की अपील की, लेकिन किसान अपनी मांगों पर ठोस निर्णय लेने की बात पर अड़े रहे।स्थिति तनावपूर्ण होने पर पांच थानों का पुलिस बल मौके पर बुलाया गया। पुलिस अधिकारियों और किसान नेताओं के बीच काफी देर तक बहस होती रही। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाने की कार्रवाई की। इस दौरान धक्का-मुक्की और हल्के बल प्रयोग की स्थिति भी बनी। पुलिस ने 50 से अधिक किसान नेताओं को बसों और पुलिस वाहनों में बैठाकर प्रदर्शन स्थल से बाहर पहुंचाया।भोपाल में बैठक की संभावनाआंदोलन के बीच किसानों और प्रशासन के बीच बातचीत के रास्ते तलाशे जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को भोपाल में कृषि सचिव के साथ किसान संगठनों के प्रतिनिधियों की बैठक प्रस्तावित होने की चर्चा है। बैठक आयोजित होने पर किसान संगठन के प्रतिनिधि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अपनी मांगें और समस्याएं रख सकते हैं। हालांकि, इस बैठक को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।फिलहाल गन्ने के उचित मूल्य को लेकर किसानों का आक्रोश कम होता नजर नहीं आ रहा है। किसानों का कहना है कि जब तक गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। अब सभी की नजरें भोपाल में प्रस्तावित बैठक और सरकार के अगले कदम पर टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *