अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में इन दिनों आलीशान सरकारी बंगलों के बजाय 100 साल से भी अधिक पुराने सैन्य आवास चर्चा का केंद्र बने हुए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन के कई वरिष्ठ मंत्री और अधिकारी इन सुरक्षित सैन्य परिसरों में रहना पसंद कर रहे हैं। सेना के जनरलों के लिए बनाए गए ये आवास अब ट्रंप प्रशासन के आधा दर्जन से अधिक सदस्यों का ठिकाना बन चुके हैं।दरअसल, अमेरिका में बढ़ती राजनीतिक हिंसा और विदेशी खतरों, खासकर ईरान से जुड़ी सुरक्षा चिंताओं के बीच इन सैन्य आवासों की मांग तेजी से बढ़ी है। इन परिसरों में पहले से ही कड़े सुरक्षा इंतजाम मौजूद हैं, जिससे किसी बाहरी हमले या स्थानीय हिंसा की स्थिति में अधिकारियों को अतिरिक्त सुरक्षा मिल सकती है।सुरक्षा के नाम पर आम लोगों से दूरीट्रंप प्रशासन के दौरान वॉशिंगटन में नेशनल गार्ड की तैनाती, व्हाइट हाउस में नए बॉलरूम का निर्माण और अन्य बड़े बदलावों के बीच वरिष्ठ अधिकारियों का सैन्य परिसरों में रहना एक नई राजनीतिक चर्चा को जन्म दे रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के सुरक्षित आवासों में रहने से नेताओं और आम नागरिकों के बीच दूरी बढ़ सकती है। अधिकारियों का सामान्य सामाजिक जीवन और जनता से सीधा संपर्क भी प्रभावित हो सकता है।किराये में छूट और सुरक्षा व्यवस्था का फायदासैन्य आवासों में रहने के पीछे आर्थिक और सुरक्षा संबंधी कारण भी हैं। वर्ष 2008 में पेंटागन ने किराये में राहत देने के लिए नियमों में बदलाव की मांग की थी। तर्क दिया गया था कि सैन्य परिसरों में अधिकारियों के रहने से करदाताओं के पैसे की बचत होती है, क्योंकि वहां पहले से सुरक्षा व्यवस्था मौजूद रहती है। इसके विपरीत निजी आवासों में चौबीसों घंटे सुरक्षा कर्मियों की तैनाती और अलग से सुरक्षा इंतजाम करने पड़ते हैं।कांग्रेस की सहमति के बाद रक्षा सचिवों के लिए सैन्य आवास का किराया चार सितारा जनरल या एडमिरल के किराये से केवल पांच प्रतिशत अधिक निर्धारित किया गया।भविष्य की राजनीति में भी जारी रह सकता है चलनट्रंप के पहले कार्यकाल में रक्षा सचिव जिम मैटिस के अलावा कैबिनेट के अन्य सदस्यों के बीच ऐसे आवासों में रहने का चलन खास नहीं था। लेकिन इस बार कई वरिष्ठ अधिकारियों ने खुद को सुरक्षित रखने के लिए सैन्य परिसरों को चुना है।विशेषज्ञों का मानना है कि राजनीतिक हिंसा और अधिकारियों को मिल रही धमकियों के चलते यह व्यवस्था भविष्य में रिपब्लिकन और डेमोक्रेटिक, दोनों ही सरकारों के कार्यकाल में जारी रह सकती है। हालांकि सुरक्षा की बढ़ती जरूरत के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या सत्ता में बैठे लोग अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करते-करते आम जनता से दूर होते जा रहे हैं?