गोंडवाना आदिवासी कला केंद्र

MPPSC राज्य सेवा परीक्षा-2027 का नया पैटर्न जारी, गलत उत्तर पर कटेंगे एक अंक; मुख्य परीक्षा में 1500 और इंटरव्यू में 185 अंक निर्धारित

भोपाल। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) ने राज्य सेवा परीक्षा-2027 और राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2027 की परीक्षा योजना एवं नया पाठ्यक्रम जारी कर दिया है। आयोग की ओर से घोषित नए परीक्षा पैटर्न में अभ्यर्थियों के लिए कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। सबसे बड़ा बदलाव प्रारंभिक परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग लागू करना है। अब गलत उत्तर देने पर अभ्यर्थियों के एक अंक काटे जाएंगे, जबकि प्रत्येक सही उत्तर के लिए तीन अंक निर्धारित किए गए हैं। इसके लिए आयोग ने 3R-W पद्धति लागू की है।नई व्यवस्था के अनुसार, राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा में सामान्य अध्ययन और सामान्य अभिरुचि परीक्षण के दो प्रश्नपत्र होंगे। दोनों प्रश्नपत्र 300-300 अंकों के होंगे। प्रत्येक प्रश्नपत्र में 100 वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे और उन्हें हल करने के लिए दो घंटे का समय मिलेगा। प्रश्नपत्र हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध होंगे। हालांकि, दूसरे प्रश्नपत्र में हिंदी भाषा की बोधगम्यता से संबंधित प्रश्न केवल हिंदी में ही पूछे जाएंगे।प्रारंभिक परीक्षा में न्यूनतम अंक अनिवार्यमुख्य परीक्षा में प्रवेश पाने के लिए अभ्यर्थियों को प्रारंभिक परीक्षा के दोनों प्रश्नपत्रों में निर्धारित न्यूनतम अंक प्राप्त करना अनिवार्य होगा। अनारक्षित वर्ग और अनारक्षित महिला अभ्यर्थियों के लिए प्रत्येक प्रश्नपत्र में न्यूनतम 40 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं। वहीं अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, ईडब्ल्यूएस और दिव्यांग श्रेणी के अभ्यर्थियों को प्रत्येक प्रश्नपत्र में कम से कम 30 प्रतिशत अंक प्राप्त करने होंगे।राज्य सेवा परीक्षा में सामान्य अभिरुचि परीक्षण का दूसरा प्रश्नपत्र केवल क्वालिफाइंग होगा। इसके अंक अंतिम मेरिट सूची में शामिल नहीं किए जाएंगे। जबकि राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा की मेरिट तैयार करते समय दोनों प्रश्नपत्रों के अंकों को जोड़ा जाएगा। प्रारंभिक परीक्षा के आधार पर मुख्य परीक्षा के लिए विज्ञापित पदों की संख्या के मुकाबले 20 गुना अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।मुख्य परीक्षा 1500 अंकों की, साक्षात्कार के 185 अंकआयोग द्वारा जारी नए पैटर्न के अनुसार राज्य सेवा मुख्य परीक्षा वर्णनात्मक होगी। इसमें कुल छह अनिवार्य प्रश्नपत्र शामिल किए गए हैं। सामान्य अध्ययन के चार प्रश्नपत्र 300-300 अंकों के होंगे, जिनके लिए तीन-तीन घंटे का समय निर्धारित है। इसके अलावा सामान्य हिंदी एवं व्याकरण का पांचवां प्रश्नपत्र 200 अंकों का तथा हिंदी निबंध एवं प्रारूप लेखन का छठा प्रश्नपत्र 100 अंकों का होगा।इस प्रकार मुख्य परीक्षा कुल 1500 अंकों की होगी। मुख्य परीक्षा में भी अनारक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए प्रत्येक प्रश्नपत्र में 40 प्रतिशत और आरक्षित श्रेणियों के लिए 30 प्रतिशत न्यूनतम अंक निर्धारित किए गए हैं।मुख्य परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को विज्ञापित पदों की श्रेणीवार संख्या के तीन गुना अनुपात में साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा। मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार में समान अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को भी निर्धारित नियमों के अनुसार पात्रता मिलेगी। साक्षात्कार कुल 185 अंकों का होगा। इस तरह अंतिम चयन प्रक्रिया मुख्य परीक्षा के 1500 और साक्षात्कार के 185 अंकों सहित कुल 1685 अंकों के आधार पर पूरी की जाएगी।उत्तर कुंजी पर आपत्ति के लिए मिलेगा पांच दिन का समयपरीक्षा समाप्त होने के बाद आयोग अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर प्रारंभिक उत्तर कुंजी जारी करेगा। अभ्यर्थियों को प्रश्नों और उनके उत्तरों को लेकर आपत्ति दर्ज कराने के लिए पांच दिन का समय दिया जाएगा। आपत्तियां केवल ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्वीकार की जाएंगी। इसके लिए प्रति प्रश्न निर्धारित शुल्क और पोर्टल शुल्क का भुगतान करना होगा।कुल मिलाकर MPPSC के नए परीक्षा पैटर्न में नेगेटिव मार्किंग और चयन प्रक्रिया में किए गए बदलाव अभ्यर्थियों की तैयारी को प्रभावित करेंगे। अब उम्मीदवारों को केवल अधिक प्रश्न हल करने के बजाय सटीक उत्तर देने, समय प्रबंधन और विषयों की गहरी समझ पर विशेष ध्यान देना होगा। आयोग के नए नियमों के अनुसार तैयारी करना राज्य सेवा परीक्षा-2027 के अभ्यर्थियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *