मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार देर शाम बैतूल जिले के प्रसिद्ध हिल स्टेशन कुकरू में आयोजित रात्रि चौपाल में ग्रामीणों के बीच पहुंचकर आत्मीय संवाद किया। खुले वातावरण में ग्रामीणों के साथ बैठकर उन्होंने उनकी समस्याएं सुनीं, सुझाव लिए और अधिकारियों को मौके पर ही कई आवश्यक निर्देश दिए। मुख्यमंत्री का सहज और मिलनसार व्यवहार ग्रामीणों को इतना प्रभावित कर गया कि उन्होंने अपनी स्थानीय कोरकू भाषा में पारंपरिक गीत प्रस्तुत कर उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने भी “गोविंद बोलो हरि गोपाल बोलो” भजन गाकर सभी का मन मोह लिया।रात्रि चौपाल के दौरान गंदलो सुसुम कोरकू दल और होलेरा नृत्य दल ने पारंपरिक जनजातीय नृत्य प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में श्रीमती शिपा शनवारे ने मुख्यमंत्री को राखी बांधकर भाई-बहन के स्नेह का भाव व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने बच्चों से भी आत्मीयता से मुलाकात की और ग्रामीणों से सामाजिक कुरीतियों, विशेषकर मृत्यु भोज और विवाह समारोहों में होने वाले अनावश्यक खर्च से बचने तथा सामूहिक विवाह को बढ़ावा देने की अपील की।मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2026 को प्रदेश में कृषक कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि खेती के साथ पशुपालन को भी मजबूत बनाने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को 25 गाय या 25 भैंसों के लिए 40 लाख रुपये तक की ऋण सहायता दी जाएगी, जिसमें 10 लाख रुपये सरकार वहन करेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कोदो-कुटकी की खरीदी समर्थन मूल्य पर जारी रहेगी तथा कुकरू क्षेत्र में उन्नत नस्ल के पशु उपलब्ध कराने और पशुशेड निर्माण की कार्ययोजना तैयार की जाएगी।महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों ने मुख्यमंत्री को बताया कि वे आजीविका मिशन के माध्यम से कृषि, पशुपालन और अन्य स्वरोजगार गतिविधियों से जुड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं। कई महिलाएं “लखपति दीदी” बन चुकी हैं। मुख्यमंत्री ने उनकी सराहना करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि बड़े स्वयं सहायता समूहों को सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों से जोड़कर रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराए जाएं। साथ ही आजीविका भवन और कोदो-कुटकी प्रसंस्करण इकाई स्थापित करने के लिए ऋण सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क और छात्रावास जैसी मूलभूत सुविधाओं की मांग रखी। मुख्यमंत्री ने पेयजल संकट के स्थायी समाधान के लिए तालाब निर्माण, बालिका छात्रावास की स्वीकृति, जामूखेड़ी मार्ग तथा बुंदियाखुर्द पुलिया निर्माण के निर्देश जिला प्रशासन को दिए। किसान सम्मान निधि से वंचित किसानों की ई-केवाईसी शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र किसान योजना के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 79 लाख से अधिक किसान इस योजना का लाभ प्राप्त कर रहे हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने दिव्यांग ठकिया गायन की स्वरोजगार संबंधी मांग पर ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने और उन्हें रोजगार से जोड़ने के भी निर्देश दिए।कार्यक्रम में केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्यमंत्री एवं सांसद दुर्गादास उइके, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल, भैंसदेही विधायक महेंद्र सिंह चौहान सहित जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।