देवास में समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सुनीं आवेदकों की समस्याएं, लापरवाह अधिकारियों पर की कार्रवाईदेवास। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को देवास में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत आयोजित समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम में शामिल होकर आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने विभिन्न आवेदकों से सीधे संवाद कर उनकी शिकायतों की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश दिए।कार्यक्रम में जनसमस्याओं के समाधान में लापरवाही सामने आने पर मुख्यमंत्री ने सख्त रुख अपनाया। एक प्रकरण में आवश्यक नस्ती प्रस्तुत नहीं कर पाने और आवेदक की समस्या के प्रति उदासीनता बरतने पर देवास के महाप्रबंधक उद्योग रतन सिंह डावर को निलंबित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेना अधिकारियों की जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।समाधान ऑनलाइन के दौरान मुख्यमंत्री ने आवेदिका सलोनी सिसोदिया की लाड़ली लक्ष्मी योजना की छात्रवृत्ति से जुड़ी समस्या सुनी। छात्रवृत्ति की राशि दूसरे बैंक खाते में जमा होने और समय पर फॉलोअप नहीं किए जाने पर संबंधित पर्यवेक्षक की एक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए।इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने सैनिक स्वर्गीय पवन यादव के परिवार को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि शहीदों के परिवारों का सम्मान और सहयोग सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सैनिक को शहीद का दर्जा दिए जाने के संबंध में भी आवश्यक परीक्षण कर विचार करने की बात कही।वहीं वन अधिकार पट्टाधारी किसान लाल सिंह को फसल बीमा की राशि नहीं मिलने का मामला सामने आने पर मुख्यमंत्री ने 50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की और संबंधित अधिकारियों को भुगतान की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। देवास के सुरेश मालवीय की नल-जल योजना संबंधी शिकायत पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाने के निर्देश भी दिए गए।मुख्यमंत्री ने करण देवड़ा, नीरज दुबे, सलोनी सिसोदिया, हरेंद्र पांचाल और लाल सिंह सहित अन्य आवेदकों की समस्याएं सुनते हुए अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करने की हिदायत दी।कार्यक्रम में मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, मुख्यमंत्री सचिवालय के सचिव डॉ. सुदाम खाड़े, उज्जैन संभागायुक्त आशीष सिंह, एडीजी राकेश गुप्ता, डीआईजी नवनीत भसीन, देवास कलेक्टर नेहा मीना, पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।मुख्यमंत्री ने अपने निर्देशों के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया कि शासन की प्राथमिकता आम जनता को राहत पहुंचाना है और जनसमस्याओं के निराकरण में लापरवाही करने वाले अधिकारियों एवं जिम्मेदारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।