देवास। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के समग्र विकास, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने और स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर विकसित करने को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए पर्यटन के क्षेत्र में होम-स्टे, पशुपालन, दुग्ध उत्पादन और उन्नत नस्ल के पशुओं को तैयार करने की दिशा में विशेष प्रयास किए जाने चाहिए। इसके साथ ही महिला स्व-सहायता समूहों को अधिक अवसर देकर उनकी आर्थिक आत्मनिर्भरता को मजबूत बनाया जाए।उन्होंने कहा कि जिले का विकास तभी संभव है, जब सभी संबंधित जनप्रतिनिधि और अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें। वर्तमान जरूरतों के साथ भविष्य की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए ऐसी कार्ययोजनाएं तैयार की जाएं, जिनका लाभ लंबे समय तक आमजन को मिल सके।किसानों और युवाओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक तकनीक और नए व्यवसायों को अपनाना समय की जरूरत है, लेकिन खेती से अपना जुड़ाव बनाए रखना भी जरूरी है। कृषि हमारी समृद्धि और संस्कृति का मूल आधार है।मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इसके लिए विकास कार्यों की निगरानी केवल जिला स्तर पर ही नहीं, बल्कि विधानसभा और वार्ड स्तर तक सुनिश्चित की जाए, ताकि योजनाओं का वास्तविक लाभ जरूरतमंद लोगों को मिल सके।बैठक में सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी, विधायक गायत्री राजे पवार, आशीष शर्मा, मनोज चौधरी, मुरली भंवरा, डॉ. राजेश सोनकर, जिला पंचायत अध्यक्ष लीला भेरूलाल अटारिया, मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, मुख्यमंत्री कार्यालय के सचिव डॉ. सुदाम खाड़े, संभाग आयुक्त आशीष सिंह, कलेक्टर नेहा मीना, पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।