संविधान गौरव दिवस पर कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित प्रबुद्धजन संगोष्ठी को मुख्यमंत्री ने किया संबोधित, संविधान के महत्व और लोकतांत्रिक मूल्यों पर रखे विचारभोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि वर्ष 1975 में लगाए गए आपातकाल और प्रेस पर लगाई गई बंदिशों के बावजूद भारत का लोकतंत्र आज भी मजबूत और सशक्त है। भारतीय संविधान ने देश को एकता, समानता, न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों के मार्ग पर आगे बढ़ने की शक्ति दी है। आज भारत दुनिया का सबसे बड़ा और सशक्त लोकतांत्रिक देश है, जहां संविधान के माध्यम से सत्ता का शांतिपूर्ण हस्तांतरण होता है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की पहल पर 26 नवंबर को संविधान गौरव दिवस के रूप में मनाने की परंपरा शुरू हुई, जो संविधान के महत्व और उसके मूल्यों को समझने का महत्वपूर्ण अवसर है।मुख्यमंत्री डॉ. यादव गुरुवार को कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में संविधान गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित प्रबुद्धजन संगोष्ठी को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, संगठन महामंत्री श्री चंद्रशेखर, उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश श्री रोहित आर्य और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष श्री हेमंत खंडेलवाल सहित अनेक अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री ने परिसर में आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि संविधान देश की शासन व्यवस्था का आधार है। प्रत्येक पांच वर्ष में लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से चुनाव होते हैं और नागरिकों को अपना प्रतिनिधि चुनने का अधिकार मिलता है। देश को लंबे संघर्ष और असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान के बाद आजादी मिली है। संविधान निर्माण में मध्यप्रदेश की विभूतियों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। संविधान ने प्रत्येक नागरिक को समानता और अपने अधिकारों के साथ देश के सर्वोच्च पद तक पहुंचने का अवसर प्रदान किया है।उन्होंने कहा कि राजकुमारी अमृत कौर ने सभी नागरिकों के लिए समान कानून की अवधारणा का समर्थन किया था। संविधान में समानता का सिद्धांत हमारे लोकतंत्र की महत्वपूर्ण विशेषता है। देश की आजादी और संविधान की रक्षा के लिए सरदार भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद सहित अनेक क्रांतिकारियों ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्हीं के संघर्षों का परिणाम है कि आज भारत लोकतांत्रिक व्यवस्था में निरंतर आगे बढ़ रहा है।केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि संविधान ने देशवासियों को न्याय, समानता, एकता और बंधुत्व का मार्ग दिखाया है। बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने संविधान निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। संविधान सभा के अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र प्रसाद, प्रारूप समिति के अध्यक्ष डॉ. अंबेडकर, सरदार वल्लभभाई पटेल और महिला सदस्यों सहित सभी महान विभूतियों का योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास की भावना के साथ बाबा साहेब के आदर्शों को आगे बढ़ाया जा रहा है।श्री शेखावत ने कहा कि बाबा साहेब का सपना था कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचे। महिलाओं को समान अधिकार, सम्मान और अवसर मिलना चाहिए। सरकार महिलाओं और बहन-बेटियों को सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने नागरिकों से अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश श्री रोहित आर्य ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकार किया था, जो 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ। संविधान दिवस हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी स्मरण कराता है। संविधान ने प्रत्येक नागरिक को समानता, न्याय और सम्मान का अधिकार प्रदान किया है।भाजपा प्रदेशाध्यक्ष श्री हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने देश को संविधान जैसा महत्वपूर्ण दस्तावेज दिया। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की पहल पर वर्ष 2015 से 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत हुई। बाबा साहेब की जन्मस्थली महू मध्यप्रदेश में स्थित है। उनके जीवन और योगदान को सम्मान देने के लिए प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में उनके जीवन से जुड़े पांच स्थानों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित किया गया है।कार्यक्रम में पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री श्रीमती कृष्णा गौर, भोपाल महापौर श्रीमती मालती राय, विधायक श्री रामेश्वर शर्मा एवं श्री भगवानदास सबनानी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रबुद्धजन और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।