गोंडवाना आदिवासी कला केंद्र

भारत की रक्षा क्षमता को बड़ी मजबूती, स्वदेशी एंटी-ड्रोन प्रणाली ‘भार्गवस्त्र’ का सफल परीक्षण,

भारत की रक्षा क्षमताओं को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। सोलर डिफेंस एंड एयरोस्पेस लिमिटेड (SDAL) ने दुश्मन के ड्रोन हमलों से निपटने के लिए विकसित स्वदेशी एंटी-ड्रोन प्रणाली ‘भार्गवस्त्र’ का सफलतापूर्वक डिजाइन, विकास और एकीकरण पूरा कर लिया है।भार्गवस्त्र को भारत की पहली स्वदेशी रूप से डिजाइन और विकसित दोहरी ड्रोन-रोधी प्रणाली बताया जा रहा है। यह प्रणाली दुश्मन के ड्रोन हमलों को रोकने और उन्हें नष्ट करने में सक्षम है। इसमें अनगाइडेड माइक्रो रॉकेट और गाइडेड माइक्रो मिसाइल जैसी आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया गया है।इसकी खासियत यह है कि यह एक साथ बड़ी संख्या में आने वाले दुश्मन के ड्रोन यानी ड्रोन स्वार्म को निशाना बना सकती है। इसमें 64 माइक्रो रॉकेटों की बौछार के जरिए एक साथ कई ड्रोन को निष्क्रिय करने की क्षमता बताई गई है।जानकारी के अनुसार, 20 से 24 नवंबर 2026 के बीच इस प्रणाली के परीक्षण पूरे किए गए हैं। इसकी मदद से दुश्मन के सस्ते ड्रोन हमलों का जवाब कम लागत में दिया जा सकेगा। इससे महंगी रक्षा मिसाइलों पर निर्भरता भी कम करने में मदद मिलेगी।भार्गवस्त्र को वाहन पर स्थापित किया जा सकता है, जिससे इसे रेगिस्तानी क्षेत्रों, मैदानी इलाकों और समुद्र तल से लगभग 5,000 मीटर की ऊंचाई तक के दुर्गम सीमावर्ती क्षेत्रों में तैनात करना संभव होगा। इसके अलावा यह आकाशतीर और एकीकृत वायु कमान एवं नियंत्रण प्रणाली जैसे सैन्य नेटवर्क से भी जुड़ने में सक्षम है।यह उपलब्धि ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान के तहत स्वदेशी रक्षा तकनीक के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। आधुनिक युद्ध में तेजी से बढ़ते ड्रोन खतरों के बीच भार्गवस्त्र भारतीय सेना की सुरक्षा व्यवस्था को नई मजबूती देने में अहम भूमिका निभा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *