गोंडवाना आदिवासी कला केंद्र

व्यापारियों के साथ मिलकर विकास की नई इबारत लिखेगा मध्यप्रदेश: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव,

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश की आर्थिक मजबूती और विकास में व्यापारियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। सरकार जहां औद्योगिक विकास को गति दे रही है, वहीं व्यापार और कारोबार के विस्तार के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। हमारा उद्देश्य मध्यप्रदेश को निवेश और व्यापार का बड़ा केंद्र बनाना है, ताकि युवाओं सहित जरूरतमंद लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकें।मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार शाम कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय सभागार में कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) की मध्यप्रदेश इकाई के नवनियुक्त पदाधिकारियों, नई कार्यकारिणी और प्रदेश के 55 जिलों के अध्यक्षों के शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश के विकास में सरकार व्यापारियों के साथ मिलकर काम करेगी।कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने व्यापारियों को ‘समृद्ध व्यापारी-समृद्ध मध्यप्रदेश’ का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि कैट प्रदेश सरकार और मध्यप्रदेश के करीब 22 लाख व्यापारियों के बीच एक मजबूत सेतु की भूमिका निभाएगा। छोटे दुकानदारों से लेकर बड़े उद्योगपतियों तक सभी प्रदेश की अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने में अपना योगदान दे रहे हैं।डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है। डिजिटल भुगतान, ई-कॉमर्स, जीएसटी, स्टार्टअप और आधुनिक तकनीक ने व्यापार के क्षेत्र में नई संभावनाएं पैदा की हैं। व्यापारियों को इन बदलावों का लाभ उठाकर अपने कारोबार को आधुनिक और मजबूत बनाना चाहिए।मुख्यमंत्री ने बताया कि मध्यप्रदेश में निवेश को लेकर सकारात्मक माहौल बना है। प्रदेश में करीब 12 लाख करोड़ रुपये के निवेश धरातल पर उतर चुके हैं। सरकार ने लघु, कुटीर और मध्यम उद्योगों को प्रोत्साहन देने के लिए भी कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि उद्योग और व्यापार एक-दूसरे के पूरक हैं। दोनों के विकास से ही प्रदेश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।

समारोह में कैट की ओर से प्रदेश के सभी 55 जिलों के बाजारों की मिट्टी से तैयार समृद्धि कलश यात्राएं भी आकर्षण का केंद्र रहीं। व्यापारियों ने मुख्यमंत्री को साफा पहनाकर समृद्धि कलश भेंट किया।इस अवसर पर कैट के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक आशीष ऊषा अग्रवाल ने कहा कि यह समारोह केवल पदभार ग्रहण करने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रदेश के व्यापारिक विकास के लिए नए संकल्प की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए व्यापार कल्याण बोर्ड का गठन करना सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाता है। उन्होंने कैट से नए व्यापारियों के मार्गदर्शन के लिए मेंटॉरशिप कार्यक्रम शुरू करने की अपील भी की।कार्यक्रम में कैट के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र जैन, उपाध्यक्ष राजीव कुकरेजा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रमेश गुप्ता, सुनील अग्रवाल, राजू चांदमल जैन, राजीव बडेरिया, राजकुमार गुप्ता और गोविंद असाटी सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए व्यापारी, युवा, महिलाएं और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *