
भोपाल। उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का असर अब मध्य प्रदेश के मौसम पर भी दिखाई देने लगा है। प्रदेश में रातें सर्द होने लगी हैं और कई शहरों में न्यूनतम तापमान तेजी से नीचे आया है। भोपाल, इंदौर समेत प्रदेश के 20 शहरों में रात का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, अगले पांच दिनों में न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री की और गिरावट हो सकती है। ऐसे में नवंबर के दूसरे पखवाड़े में ठंड का असर बढ़ने के आसार हैं।बीती रात प्रदेश में सबसे कम तापमान कटनी के करौंदी में 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं शहडोल के कल्याणपुर में 11.1 और शाजापुर के गिरवर में 11.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। इंदौर और दमोह में न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री रहा, जबकि छिंदवाड़ा में 11.8 और भोपाल में 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।प्रदेश के हिल स्टेशन पचमढ़ी में भी रात का तापमान 12.2 डिग्री तक पहुंच गया। इसके अलावा मलाजखंड और नौगांव में 12.6, उमरिया में 13, जबलपुर में 13.4 और उज्जैन में 14 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।
ठंडी हवाओं के साथ बारिश के भी आसार
मौसम में बदलाव की एक वजह उत्तर भारत से आने वाली ठंडी हवाएं हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी के बाद मैदानी इलाकों की ओर बढ़ने वाली ठंडी हवाएं मध्य प्रदेश में रात के तापमान को और नीचे ला सकती हैं।वहीं दूसरी ओर बंगाल की खाड़ी में सक्रिय निम्न दबाव का क्षेत्र प्रदेश के मौसम को प्रभावित कर सकता है। मौसम प्रणाली के आगे बढ़ने पर मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में बारिश होने की संभावना है।भोपाल, इंदौर और जबलपुर में नवंबर के महीने में बारिश का पुराना ट्रेंड रहा है। इस बार भी महीने की शुरुआत में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया था। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, यदि नवंबर के तीसरे और चौथे सप्ताह में मौसम प्रणाली सक्रिय होती है तो प्रदेश के कुछ हिस्सों में दोबारा बारिश की स्थिति बन सकती है।फिलहाल प्रदेश में रात के तापमान में गिरावट के साथ ठंड का असर बढ़ने लगा है। आने वाले दिनों में सुबह और रात के समय सर्दी अधिक महसूस हो सकती है।