गोंडवाना आदिवासी कला केंद्र

स्वच्छता के सम्मान से चमका ग्वालियर, CM मोहन यादव ने सफाई मित्रों के साथ किया सहभोज

स्वच्छता के क्षेत्र में ग्वालियर ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में ग्वालियर को स्टेट फर्स्ट स्वच्छ सिटी अवार्ड मिलने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शहर के स्वच्छता कर्मियों का सम्मान किया। इस दौरान उन्होंने सफाई मित्रों के साथ बैठकर भोजन भी किया और उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छता कर्मियों की मेहनत के बिना त्योहारों की रौनक और शहरों की सुंदरता की कल्पना नहीं की जा सकती।राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित ‘स्वच्छता दूत सम्मान समारोह’ को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छता अभियान को जन आंदोलन बनाकर भारत की दुनिया में एक अलग पहचान स्थापित की है। उन्होंने स्वयं झाड़ू थामकर देशवासियों को स्वच्छता का संदेश दिया और सफाई कर्मियों को समाज में सम्मान दिलाने का काम किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और परंपरा का हिस्सा है। दीपावली पर लक्ष्मी पूजन से पहले घरों की सफाई और झाड़ू का पूजन हमारी परंपरा में स्वच्छता के महत्व को दर्शाता है। माता शीतला के हाथ में भी झाड़ू है। इससे स्पष्ट है कि भारतीय समाज में स्वच्छता को हमेशा विशेष स्थान दिया गया है।

9 श्रेणियों में मध्यप्रदेश को मिले पुरस्कार

मुख्यमंत्री ने बताया कि स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 के तहत देशभर में दिए गए 57 पुरस्कारों में मध्यप्रदेश को 9 श्रेणियों में सम्मान मिला है। जबलपुर ने देश में दूसरा स्थान हासिल किया है। इसके अलावा ग्वालियर, सागर, उज्जैन, इंदौर, देपालपुर, रीवा और बुधनी ने भी स्वच्छता के क्षेत्र में प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक विरासत और संगीत संस्कृति के लिए पहचाना जाने वाला ग्वालियर अब स्वच्छ शहर के रूप में भी अपनी पहचान बना रहा है। यह उपलब्धि शहरवासियों, नगर निगम और स्वच्छता कर्मियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।मुख्यमंत्री ने ग्वालियर की सफलता के पीछे आधुनिक तकनीक, बेहतर प्रबंधन और जनभागीदारी को अहम वजह बताया। शहर में 1200 टन क्षमता का अत्याधुनिक कचरा प्रसंस्करण संयंत्र स्थापित किया गया है। इसके साथ ही 66 वार्डों में करीब 10 हजार नागरिकों के साथ स्वच्छता संवाद किया गया।स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों को भी अभियान से जोड़ा गया। घरों में कचरे से खाद बनाने जैसी गतिविधियों को प्रोत्साहित किया गया। स्वच्छ दीपावली अभियान के तहत दो वर्षों में 26 हजार से अधिक उपयोगी वस्तुएं एकत्रित कर जरूरतमंदों को मात्र एक रुपये में उपलब्ध कराई गईं। इससे स्वच्छता के साथ सामाजिक संवेदनशीलता का भी संदेश दिया गया।डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के लिए वाहनों की संख्या बढ़ाई गई। सफाई मित्रों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए 500 से अधिक स्वास्थ्य परीक्षण किए गए और उन्हें सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए। वहीं, स्वच्छ ग्वालियर ऐप के माध्यम से नागरिकों की शिकायतों का त्वरित निराकरण किया गया। इस डिजिटल व्यवस्था के जरिए करीब 3500 शिकायतों का समाधान किया गया।

10 स्वच्छता मित्रों का मंच से सम्मान

समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ग्वालियर की उपलब्धि में योगदान देने वाले 10 स्वच्छता मित्रों को मंच से सम्मानित किया। इनमें ममता, विमला, मीरा, सगुन, काजल, कमल, विनोद, नवल, मनोज और चंद्र प्रकाश शामिल रहे। इसके अलावा लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने वाले ब्रांड एम्बेसडर और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स को भी सम्मानित किया गया।

सफाई मित्रों के साथ बैठकर किया भोजन

कार्यक्रम का सबसे खास पल तब देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वच्छता कर्मियों के साथ बैठकर सहभोज किया। उन्होंने उनके काम की सराहना की और आगे भी इसी समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।इस अवसर पर उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, सांसद भारत सिंह कुशवाह, महापौर शोभा सतीश सिकरवार और सभापति मनोज तोमर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी स्वच्छता मित्रों के साथ भोजन किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता दूतों का समर्पण ही शहरों को सुंदर और स्वस्थ बनाता है। ग्वालियर की यह उपलब्धि केवल एक पुरस्कार नहीं, बल्कि उन हजारों सफाई कर्मियों की मेहनत और सम्मान का प्रतीक है, जो हर दिन शहर को स्वच्छ रखने में जुटे रहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *