गोंडवाना आदिवासी कला केंद्र

प्रदेश के 6 जिलों को मिली नई एंबुलेंस, राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने दिखाई हरी झंडी,

भोपाल। प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी को छह नई एंबुलेंस मिली हैं। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में इन एंबुलेंस का लोकार्पण कर उन्हें संबंधित जिला शाखाओं के लिए रवाना किया। इन एंबुलेंस के मिलने से जरूरतमंद मरीजों को आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने सनातन परंपरा के अनुसार सभी एंबुलेंस का विधिवत पूजन किया। इसके बाद वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और जिला शाखाओं को शुभकामनाएं दीं।एनएचडीसी लिमिटेड भोपाल की ओर से कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत उपलब्ध कराई गई इन छह एंबुलेंस को भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी की जिला शाखाओं को सौंपा गया है। इनमें सिवनी, खंडवा, छिंदवाड़ा, अशोकनगर, नरसिंहपुर और भोपाल शामिल हैं।इन एंबुलेंस की उपलब्धता से संबंधित जिलों में रेडक्रॉस की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी। आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने और जरूरत के समय चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में ये वाहन उपयोगी साबित होंगे।कार्यक्रम में भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी की राज्य शाखा के अध्यक्ष श्याम सिंह कुमरे, सचिव रामेन्द्र सिंह, राज्यपाल के प्रमुख सचिव डॉ. नवनीत मोहन कोठारी सहित जिला इकाइयों के पदाधिकारी और लोक भवन चिकित्सालय के चिकित्सक मौजूद रहे।इस पहल के जरिए कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व और सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक और कदम बढ़ाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *