
नई दिल्ली। इजरायल और ईरान के बीच एक बार फिर युद्ध की आशंका गहराने लगी है। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू जहां ईरान के खिलाफ दोबारा सैन्य कार्रवाई चाहते हैं, वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप फिलहाल इस योजना के पक्ष में नजर नहीं आ रहे हैं। दोनों नेताओं के बीच इस मुद्दे पर मतभेद की खबरें सामने आने के बाद अब इजरायल ने अपने खुफिया प्रमुख को अमेरिका भेजा है।मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इजरायल की खुफिया एजेंसी मोसाद के प्रमुख रोमन गोफमैन ने अमेरिका में सीआईए प्रमुख से मुलाकात की है। इस दौरान ईरान को लेकर आगे की रणनीति पर चर्चा हुई। बताया जा रहा है कि गोफमैन अमेरिका के कई वरिष्ठ अधिकारियों से भी मुलाकात करेंगे। उनका मियामी दौरा भी प्रस्तावित है, जहां वे अमेरिकी विशेष दूत स्टीव विटकॉफ से बातचीत कर सकते हैं।
ट्रंप और नेतन्याहू के बीच बढ़े मतभेद
31 अक्टूबर को नेतन्याहू ने फोन पर ट्रंप से बातचीत कर 4 नवंबर के मिडटर्म चुनाव के तुरंत बाद ईरान पर हमला करने की पैरवी की थी। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच तीखी बहस होने की बात भी सामने आई। हालांकि, ट्रंप ने नेतन्याहू की सैन्य कार्रवाई की योजना को स्वीकार नहीं किया और ईरान के साथ बातचीत का रास्ता खुला रखने पर जोर दिया।12 नवंबर को ट्रंप ने कहा कि अमेरिका को ईरान के साथ किसी समझौते की जरूरत नहीं है। इसी बीच उन्होंने उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को ईरान वार्ता से जुड़े काम के बजाय घरेलू राजनीतिक मुद्दों पर ध्यान देने का निर्देश दिया।
ईरान युद्ध को लेकर इजरायल में भी एकमत नहीं
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इजरायली सेना प्रमुख भी फिलहाल ईरान के खिलाफ नए युद्ध की जरूरत नहीं मानते। इसके बावजूद नेतन्याहू लगातार अमेरिका को सैन्य कार्रवाई के लिए तैयार करने की कोशिश कर रहे हैं। उनके आलोचकों का आरोप है कि वह राजनीतिक सत्ता बनाए रखने के लिए क्षेत्रीय तनाव को बढ़ावा दे सकते हैं।
अमेरिका की रणनीति और ईरान की चेतावनी
दूसरी ओर, ट्रंप प्रशासन फिलहाल ईरान पर आर्थिक दबाव और नौसैनिक नाकेबंदी की रणनीति जारी रखना चाहता है। बताया जा रहा है कि सऊदी अरब, कतर और संयुक्त अरब अमीरात भी इस रुख का समर्थन कर रहे हैं।इस बीच ईरान ने भी कड़ा रुख अपनाया है। ईरानी नेता मोहसिन रेजाई ने चेतावनी दी है कि यदि अमेरिका और इजरायल ने दोबारा हमला किया तो ईरान यूरोप में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बना सकता है।कुल मिलाकर, अमेरिका और इजरायल के बीच ईरान को लेकर बढ़ता मतभेद पश्चिम एशिया की स्थिति को और संवेदनशील बना रहा है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि ट्रंप कूटनीतिक दबाव की रणनीति जारी रखते हैं या नेतन्याहू की सैन्य कार्रवाई की मांग के आगे कोई बदलाव करते हैं।