गोंडवाना आदिवासी कला केंद्र

विश्व पर्यावरण दिवस पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया “एक पेड़ माँ के नाम 2.0” अभियान का शुभारंभ,

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि सनातन संस्कृति में पर्यावरण संरक्षण की मूल अवधारणा निहित है। हमारी परंपराओं, पूजा-पद्धति, भोजन और जीवनशैली में प्रकृति एवं पंचतत्वों के संरक्षण का संदेश समाहित है। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति में एक वृक्ष को दस पुत्रों के समान माना गया है, जो पर्यावरण संरक्षण के महत्व को दर्शाता है।मुख्यमंत्री डॉ. यादव विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में “एक पेड़ माँ के नाम 2.0” अभियान का शुभारंभ कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने स्वर्ण चंपा, सीता अशोक, रामफल और आंवला के पौधों का रोपण किया। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत प्रदेशभर में नदियों, कुओं, बावड़ियों और तालाबों के संरक्षण का कार्य जनभागीदारी के साथ किया जा रहा है।कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण और सतत विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली औद्योगिक इकाइयों, शैक्षणिक संस्थाओं, सामाजिक संगठनों एवं व्यक्तियों को वर्ष 2024-25 के 11 राज्य स्तरीय पर्यावरण पुरस्कार प्रदान किए।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सर्कुलर इकॉनॉमी से संबंधित पांच कोर्स मॉड्यूल तथा एप्को और इन्टैक द्वारा 16 जिलों की 500 बावड़ियों के प्रलेखन दस्तावेजों का विमोचन भी किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन और सर्कुलर इकॉनॉमी से जुड़े नवाचारों पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत सुशासन, विकास और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश ऊर्जा संकट की चुनौतियों से मजबूती के साथ बाहर निकल रहा है तथा स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है।उन्होंने भोपाल गैस त्रासदी को प्रकृति से खिलवाड़ का सबसे बड़ा उदाहरण बताते हुए कहा कि राज्य सरकार ने यूनियन कार्बाइड परिसर में पड़े कचरे का सफल निष्पादन कर ऐतिहासिक कार्य किया है। प्रदेश में सौर, पवन, बायोमास और जल विद्युत परियोजनाओं को प्रोत्साहित किया जा रहा है तथा वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में भी मध्यप्रदेश देश के लिए उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है।वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री श्री दिलीप अहिरवार ने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान ने जनभागीदारी के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने नागरिकों से प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।कार्यक्रम में भोपाल महापौर श्रीमती मालती राय, विधायक श्री भगवान दास सबनानी, विभिन्न जनप्रतिनिधि, पर्यावरणविद्, शिक्षाविद्, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि, विद्यार्थी एवं विभागीय अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *