मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि सेमीकंडक्टर के क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूती देने के लिए मध्यप्रदेश पूरी तैयारी के साथ आगे बढ़ रहा है। राज्य में आधुनिक तकनीक, निवेश और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए ऐसा माहौल तैयार किया जा रहा है, जिससे मध्यप्रदेश देश के तेजी से विकसित हो रहे सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम का महत्वपूर्ण केंद्र बन सके।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा कि सेमीकंडक्टर तकनीक भारत के आत्मनिर्भर और विकसित भविष्य की मजबूत आधारशिला है। तकनीकी क्षेत्र में देश में हो रहे बदलावों के साथ मध्यप्रदेश भी अपनी भूमिका लगातार मजबूत कर रहा है।उन्होंने कहा कि सेमीकंडक्टर इंडिया प्रोग्राम 2.0 के तहत मध्यप्रदेश अपनी भागीदारी को और प्रभावी बना रहा है। केंद्र सरकार द्वारा देश के 6 राज्यों में 12 सेमीकंडक्टर परियोजनाओं को मंजूरी दिए जाने से भारत में इस क्षेत्र के विकास को नई गति मिली है। मध्यप्रदेश अपनी निवेश-अनुकूल नीतियों, औद्योगिक क्षमता और बेहतर वातावरण के माध्यम से इस राष्ट्रीय अभियान में महत्वपूर्ण योगदान देगा।इंदौर में जुटेंगे देश-विदेश के विशेषज्ञसेमीकंडक्टर क्षेत्र में मध्यप्रदेश की संभावनाओं को दुनिया के सामने रखने के लिए 23 और 24 अक्टूबर 2026 को इंदौर में ‘एमपी सेमीकंडक्टर समिट-2026’ आयोजित किया जाएगा। समिट में देश-विदेश के निवेशक, तकनीकी विशेषज्ञ, उद्योग प्रतिनिधि और नीति-निर्माता शामिल होंगे।समिट के दौरान प्रदेश में सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम विकसित करने, नए निवेश आकर्षित करने, तकनीकी सहयोग बढ़ाने और औद्योगिक विस्तार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश अपनी नीतिगत पहल और औद्योगिक क्षमता के दम पर सेमीकंडक्टर क्षेत्र में नई संभावनाओं को आकार देने के लिए तैयार है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश में अत्याधुनिक तकनीक के साथ निवेश, रोजगार और नवाचार के नए अवसर भी विकसित हों