मंत्री राकेश सिंह और स्मार्ट सिटी के सीईओ एवं आईएएस अधिकारी अरविंद शाह के बीच कथित विवाद को लेकर सामने आए प्रकरण पर स्पष्टीकरण सामने आया है। आईएएस अधिकारी अरविंद शाह ने अपने साथ कथित अभद्र व्यवहार और धमकाने के आरोपों को लेकर अपना पक्ष आईएएस एसोसिएशन के समक्ष रखा। बताया गया कि मंत्री द्वारा उन्हें अपने निवास पर बुलाया गया था, जहां बातचीत के दौरान कथित रूप से अप्रिय स्थिति उत्पन्न हुई।वहीं, मंत्री राकेश सिंह ने इन आरोपों पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि संबंधित आईएएस अधिकारी द्वारा एक महिला कर्मचारी के साथ अभद्र व्यवहार किया गया था, जिस पर उन्होंने आपत्ति जताते हुए उन्हें फटकार लगाई।मामले की गंभीरता को देखते हुए आईएएस एसोसिएशन ने हस्तक्षेप किया और दोनों पक्षों से चर्चा की। एसोसिएशन के अध्यक्ष मनु श्रीवास्तव ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की जानकारी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को भी दे दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह मामला एक गलतफहमी का परिणाम था, जिसे आपसी संवाद के माध्यम से सुलझा लिया गया है। अरविंद शाह ने 17 मार्च को जबलपुर में स्मार्ट सिटी के सीईओ के रूप में पदभार ग्रहण किया था। पदभार संभालने के बाद उन्होंने कर्मचारियों की उपस्थिति की समीक्षा की, जिसमें कुछ अनियमितताएं सामने आईं। इसी क्रम में एक महिला कर्मचारी को लेकर हुई कार्रवाई के बाद यह विवाद उत्पन्न हुआ।फिलहाल दोनों पक्षों द्वारा मामले को शांतिपूर्वक सुलझा लिया गया है और प्रशासनिक कार्य सामान्य रूप से संचालित हो रहे हैं।