गोंडवाना आदिवासी कला केंद्र

कक्षा 5वीं एवं 8वीं के अनुत्तीर्ण/अनुपस्थित विद्यार्थियों के लिए पुनः परीक्षा 1 से 6 जून तक

शिक्षण सत्र 2025-26 की मुख्य परीक्षा में अनुत्तीर्ण अथवा अनुपस्थित रहे कक्षा 5वीं एवं 8वीं के विद्यार्थियों के लिए पुनः परीक्षा का आयोजन 1 से 6 जून 2026 के मध्य किया जाएगा। इस परीक्षा में प्रदेश के सभी शासकीय, मान्यता प्राप्त अशासकीय एवं अनुदान प्राप्त विद्यालयों तथा पंजीकृत मदरसों के विद्यार्थी सम्मिलित होंगे। इस संबंध में राज्य शिक्षा केन्द्र द्वारा विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।पुनः परीक्षा में सम्मिलित होने वाले विद्यार्थी अपने प्रवेश पत्र राज्य शिक्षा केन्द्र के आधिकारिक पोर्टल www.rskmp.in से डाउनलोड कर सकेंगे। शाला प्रमुख, जनशिक्षा केन्द्र प्रभारी, बी.आर.सी.सी. एवं डी.पी.सी. के लॉगिन के माध्यम से भी प्रवेश पत्र डाउनलोड करने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। सभी बी.आर.सी.सी. को निर्देशित किया गया है कि वे सुनिश्चित करें कि 25 मई तक सभी विद्यार्थियों को उनके प्रवेश पत्र प्राप्त हो जाएं।हरजिंदर सिंह, संचालक राज्य शिक्षा केन्द्र ने बताया कि पुनः परीक्षा से पूर्व शाला स्तर पर विषयवार अतिरिक्त शिक्षण की व्यवस्था की जाएगी। जिन विद्यार्थियों ने पूर्व में प्रोजेक्ट कार्य पूर्ण नहीं किया है या जिनके प्रोजेक्ट में 7 से कम अंक हैं, उन्हें संबंधित विषयों के प्रोजेक्ट कार्य पूर्ण कराए जाएंगे तथा उनका मूल्यांकन कर प्राप्तांक परीक्षा पोर्टल पर दर्ज किए जाएंगे।पुनः परीक्षा के लिए परीक्षा केन्द्र केवल जनशिक्षा केन्द्र स्तर पर निर्धारित किए जाएंगे। यदि किसी केन्द्र पर 500 से अधिक परीक्षार्थी होते हैं, तो राज्य शिक्षा केन्द्र की अनुमति से अतिरिक्त केन्द्र बनाए जा सकेंगे। परीक्षा केन्द्र निर्धारण के उपरांत संबंधित शालाओं की मैपिंग 15 मई तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।

पुनः परीक्षा के प्रश्नपत्र निर्धारित परीक्षा केन्द्रों पर ही ऑन-स्पॉट प्रिंट किए जाएंगे। प्रश्नपत्र डाउनलोड एवं प्रिंटिंग की जिम्मेदारी जिला परियोजना समन्वयक को नोडल अधिकारी के रूप में सौंपी गई है। प्रत्येक केन्द्र पर न्यूनतम 2 कम्प्यूटर/लैपटॉप, 2 प्रिंटर, इंटरनेट, पर्याप्त ए-4 पेपर, टोनर एवं सुचारु विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।पुनः परीक्षा में विद्यार्थियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने एवं उन्हें परीक्षा केन्द्र तक पहुंचाने की जिम्मेदारी संबंधित शाला प्रमुख एवं शिक्षकों को दी गई है।भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर शीतल पेयजल, नियमित अंतराल पर पानी पिलाने, लू एवं डिहाइड्रेशन से बचाव के लिए ओआरएस की उपलब्धता, पंखों की व्यवस्था तथा आवश्यकता पड़ने पर निकटतम स्वास्थ्य केन्द्र या अस्पताल तक त्वरित पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।राज्य शिक्षा केन्द्र द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि पुनः परीक्षा निष्पक्ष, व्यवस्थित एवं विद्यार्थियों के अनुकूल वातावरण में संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *