भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सोमवार को मंत्रालय में बंगलुरू स्थित जीनानी डॉट एआई कम्पनी के पदाधिकारियों ने सौजन्य भेंट की। इस दौरान कम्पनी के प्रतिनिधियों ने मध्यप्रदेश में सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) क्षेत्र में निवेश करने की इच्छा व्यक्त की।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कम्पनी के पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश निवेश के लिए अनुकूल वातावरण प्रदान कर रहा है। उन्होंने कम्पनी से निवेश संबंधी ठोस परियोजना प्रस्ताव एवं स्पष्ट कार्ययोजना प्रस्तुत करने का आग्रह किया तथा आश्वस्त किया कि राज्य सरकार निवेशकों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराएगी।बैठक में कम्पनी के सह-संस्थापक एवं मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी अनंत नागाराज तथा एआई ट्रांसफॉर्मेशन (पब्लिक सेक्टर) के प्रमुख कर्नल आदिश वाबुमकर (सेवानिवृत्त) ने प्रदेश में कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित समाधानों की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि जीनानी डॉट एआई के विभिन्न मॉडल कृषि, स्वास्थ्य, वन, ग्रामीण विकास एवं राजस्व विभागों में प्रभावी रूप से लागू किए जा सकते हैं, जिससे प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने और नागरिक सेवाओं को अधिक सुलभ एवं प्रभावी बनाने में सहायता मिलेगी।कम्पनी प्रतिनिधियों ने कहा कि मध्यप्रदेश में एआई आधारित नवाचारों और डिजिटल परिवर्तन की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि जीनानी डॉट एआई राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर शासकीय और निजी दोनों क्षेत्रों में सेवाएं प्रदान कर रही है तथा आधुनिक तकनीकी समाधानों के माध्यम से विभिन्न संस्थाओं की कार्यक्षमता बढ़ाने में योगदान दे रही है।इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री कार्यालय) श्री नीरज मंडलोई एवं प्रमुख सचिव सूचना प्रौद्योगिकी विभाग श्री एम. सेलवेंद्रम भी उपस्थित रहे