पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजधानी सहित कई राज्यों के मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल रहा है। India Meteorological Department (आईएमडी) के अनुसार शुक्रवार और शनिवार को हल्की वर्षा की संभावना है, जबकि शनिवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।इन दिनों 20 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग का अनुमान है कि यह प्रभाव 8 अप्रैल तक बना रह सकता है।अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री की हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन इसके बाद 2 से 4 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है। 3 और 4 अप्रैल को 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं। गुरुवार को अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री और न्यूनतम 18.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।मौसम विभाग के अनुसार 7 अप्रैल से उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिसका असर राजधानी सहित आसपास के क्षेत्रों में देखने को मिलेगा।छत्तीसगढ़ में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है। रायपुर सहित कई स्थानों पर हल्की वर्षा, गरज-चमक और वज्रपात की संभावना जताई गई है। यहां 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।वहीं मध्य प्रदेश के कई जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की घटनाएं सामने आई हैं। सीहोर, विदिशा, उज्जैन और ग्वालियर में ओले गिरने की सूचना है, जबकि कई स्थानों पर तेज हवाएं चलीं। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।मौसम में इस बदलाव का मुख्य कारण दक्षिण-पश्चिम पाकिस्तान, मध्य प्रदेश और राजस्थान के ऊपर सक्रिय चक्रवातीय परिसंचरण और ट्रफ लाइन को माना जा रहा है, जिसके चलते अप्रैल के पहले सप्ताह में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है।