गोंडवाना आदिवासी कला केंद्र

ग्वालियर में बनेगा देश का पहला टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन, निवेशकों को मिलेगा विशेष प्रोत्साहन,

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और मध्यप्रदेश सरकार की साझेदारी से ग्वालियर में देश का पहला समर्पित टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन (TMZ) विकसित किया जा रहा है। लगभग 170 एकड़ क्षेत्र में विकसित होने वाला यह प्रोजेक्ट दूरसंचार विनिर्माण, अनुसंधान, डिज़ाइन, टेस्टिंग और नवाचार का एकीकृत केंद्र बनेगा तथा भारत के डिजिटल और औद्योगिक विकास को नई गति देगा।मुख्यमंत्री मुंबई में आयोजित निवेशक राउंड टेबल कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उद्योग-अनुकूल नीतियों और पारदर्शी शासन के कारण पिछले ढाई वर्षों में मध्यप्रदेश को देश-विदेश से अभूतपूर्व निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। दिल्ली में आयोजित पहली निवेशक बैठक में ही 3,500 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले, जिनसे लगभग 14 हजार रोजगार सृजित होने की संभावना है। उन्होंने उद्योगपतियों से मध्यप्रदेश को अपने निवेश विस्तार का विश्वसनीय भागीदार बनाने का आह्वान किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश की भौगोलिक स्थिति, बेहतर कानून-व्यवस्था, सस्ती बिजली, उपलब्ध कुशल श्रमिक और उद्योगों के प्रति सरकार की साझेदारी की नीति निवेशकों के लिए सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने बताया कि रोजगार आधारित उद्योगों को राज्य सरकार 5 से 10 वर्षों तक वेतन सहायता सहित अनेक प्रोत्साहन भी प्रदान कर रही है।कार्यक्रम में केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत दूरसंचार और डिजिटल क्षेत्र में नई क्रांति का नेतृत्व कर रहा है। उन्होंने बताया कि देश में 5जी के 50 करोड़ से अधिक उपभोक्ता हैं और अब भारत विश्व का दूसरा सबसे बड़ा दूरसंचार आत्मनिर्भर देश बन चुका है। उन्होंने कहा कि ग्वालियर का टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन वैश्विक स्तर का इकोसिस्टम उपलब्ध कराएगा और जल्द ही इसका भूमि-पूजन किया जाएगा।केंद्रीय दूरसंचार सचिव अमित अग्रवाल ने कहा कि ग्वालियर का TMZ देश का पहला समर्पित टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन होगा, जो वैश्विक सप्लाई चेन में भारत की भूमिका को मजबूत करेगा। वहीं अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई ने बताया कि प्रथम चरण में 170 एकड़ भूमि विकसित की जा रही है तथा भविष्य में 400 एकड़ तक विस्तार की योजना है। यहां विश्वस्तरीय टेस्टिंग लैब, प्लग-एंड-प्ले सुविधाएं, सस्ती भूमि, रियायती बिजली और निवेशकों के लिए विशेष प्रोत्साहन उपलब्ध कराए जाएंगे।

राउंड टेबल बैठक में एम.वी. इलेक्ट्रोसिस्टम्स, अनंत सिस्टम्स, स्टरलाइट टेक्नोलॉजीज़ लिमिटेड, वीएनटी और टेसकॉम सहित कंपनियों ने ग्वालियर TMZ में कुल 1,550 करोड़ रुपये के संभावित निवेश की रुचि दिखाई, जिससे लगभग 3,600 रोजगार सृजित होने का अनुमान है। मुख्यमंत्री ने वेलस्पन वर्ल्ड, यूमेडिका लेबोरेट्रीज, KRYFS Power Components Ltd. और गोदरेज इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधियों से भी अलग-अलग बैठक कर मध्यप्रदेश में निवेश और औद्योगिक विस्तार की संभावनाओं पर चर्चा की।राज्य सरकार ने निवेशकों के लिए 50 प्रतिशत तक पूंजी अनुदान, अनुसंधान एवं विकास सहायता, प्रशिक्षण अनुदान, रोजगार प्रोत्साहन, निर्यात सहायता, हरित विनिर्माण प्रोत्साहन, 1 रुपये के नाममात्र भूमि प्रीमियम, 100 प्रतिशत स्टाम्प शुल्क प्रतिपूर्ति, रियायती बिजली और जल शुल्क जैसी अनेक सुविधाओं की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि ग्वालियर टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन मध्यप्रदेश को इलेक्ट्रॉनिक्स एवं दूरसंचार विनिर्माण के राष्ट्रीय केंद्र के रूप में स्थापित करेगा तथा हजारों युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *