गोंडवाना आदिवासी कला केंद्र

किसानों की आय बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता, अगले सीजन से खेती के लिए दिन में 10 घंटे बिजली : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव,

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि राज्य सरकार किसान कल्याण वर्ष में किसानों की समृद्धि के लिए 16 विभागों के समन्वय से कई गतिविधियां संचालित कर रही है। सरकार का प्रयास है कि किसान पूरी मेहनत और लगन के साथ खेती करें और उनकी आमदनी में लगातार बढ़ोतरी हो। इसी दिशा में अगले सीजन से किसानों को खेती के लिए दिन में 10 घंटे बिजली उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है।मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को राजगढ़ में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को मुख्यमंत्री निवास भोपाल से वर्चुअली संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री श्री गौतम टेटवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।मुख्यमंत्री ने कहा कि खेती की आमदनी को दोगुना करने के साथ किसानों को पशुपालन, मत्स्य पालन और दुग्ध उत्पादन जैसी गतिविधियों से अतिरिक्त आय उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। प्रदेश में सांची ब्रांड के आधार पर दुग्ध उत्पादन को वर्तमान स्तर से बढ़ाकर 12 प्रतिशत से 20 प्रतिशत तक ले जाने का लक्ष्य रखा गया है।मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने राजगढ़ जिले के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण सौगातें दी हैं। हाईवे के साथ अब राजगढ़ की पहचान एक उभरते औद्योगिक क्षेत्र के रूप में भी बन रही है। मोहनपुरा-कुंडालिया डैम से सिंचाई सुविधाओं का विस्तार हुआ है। आने वाले समय में चंबल-कालीसिंध-पार्वती लिंक परियोजना से भी जिले को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है।उन्होंने कहा कि सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और कृषि क्षेत्र में बढ़ते अवसरों से राजगढ़ की तस्वीर और किसानों की आर्थिक स्थिति बदलने में मदद मिलेगी।

‘कवच योजना’ से किसानों को मिली राहत

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ‘कवच योजना’ का उल्लेख करते हुए कहा कि योजना के माध्यम से किसान दोबारा बैंक ऋण और फसल ऋण प्राप्त कर सकते हैं। इससे बड़ी संख्या में किसानों की आर्थिक चिंता दूर हुई है और वे बैंकिंग व्यवस्था की मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं।उन्होंने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से कहा कि किसान कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाई जाए। मुख्यमंत्री ने बलराम कृषि महोत्सव के माध्यम से किसानों के मार्गदर्शन के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का लाभ उठाने का भी आह्वान किया।उन्होंने कहा कि जल्द ही लाड़ली बहना योजना की राशि बहनों के खातों में जारी की जाएगी। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से हर घर तिरंगा अभियान के तहत गांव, वार्ड, जनपद और जिला स्तर पर तिरंगा यात्राएं निकालने की अपील भी की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने सभी जिलों में बड़े पैमाने पर पुलिस भर्ती की है और पुलिस बैंड की व्यवस्था भी की जा रही है। प्रदेश में करीब 80 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है, जबकि लगभग 10 हजार शिक्षकों की भर्ती की जा रही है। अधिकारी-कर्मचारियों की पदोन्नति की प्रक्रिया भी लगातार जारी है।उन्होंने कहा कि अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे प्रत्येक शुक्रवार को क्षेत्र का दौरा कर जनविश्वास अभियान के तहत सीधे जनता के बीच जाएं। शुक्रवार को कोई बैठक आयोजित नहीं की जाएगी, बल्कि अधिकारी जनता की समस्याओं और विकास कार्यों को मौके पर जाकर समझेंगे।मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि काम में लापरवाही बरतने या जिम्मेदारी नहीं निभाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी, जबकि बेहतर काम करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को सरकार प्रोत्साहित करेगी।मुख्यमंत्री ने प्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू किए जाने का भी उल्लेख किया। उन्होंने प्रदेशवासियों से गरीब और वंचित वर्ग के साथ त्योहारों की खुशियां साझा करने की अपील की।में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्वतंत्रता दिवस, रक्षाबंधन, जन्माष्टमी और हलधर जयंती सहित आने वाले सभी पर्वों की प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *