गोंडवाना आदिवासी कला केंद्र

इलाज कराने भोपाल आई 62 वर्षीय महिला ठगी का शिकार, बदमाशों ने जेवर उतरवाकर थमाई नकली नोटों की गड्डी,

।भोपाल। राजधानी भोपाल में इलाज कराने आई 62 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ ठगी का मामला सामने आया है। कोतवाली थाना क्षेत्र के नक्कारखाना इलाके में बदमाशों ने डर और झांसे का सहारा लेकर महिला से सोने के जेवर उतरवा लिए और बदले में रद्दी कागजों से भरी नकली नोटों की गड्डी थमा दी। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार नरसिंहगढ़ निवासी अशरफी बाई (62) त्वचा संबंधी बीमारी का इलाज कराने 3 सितंबर को भोपाल के हमीदिया अस्पताल आई थीं। डॉक्टर को दिखाने और मेडिकल स्टोर से दवा लेने के बाद वह ऑटो की ओर जा रही थीं। इसी दौरान करीब 30 वर्षीय एक युवक और 16-17 साल का किशोर उनके पीछे लग गए।मदद के बहाने महिला को बातों में उलझायाआरोपियों ने महिला की मदद करने का दिखावा किया और उनका बैग अपने हाथ में ले लिया। बातचीत करते हुए दोनों महिला को पैदल नक्कारखाना गेट तक ले गए। वहां आरोपियों ने महिला को बताया कि इलाके में लुटेरे घूम रहे हैं और वे उनके सोने के जेवर छीन सकते हैं।इसी दौरान आरोपी ने कपड़े में लिपटी 500 रुपये के नोटों जैसी दिखने वाली एक भारी गड्डी महिला को दिखाई। सुरक्षा का हवाला देकर उसने महिला से मंगलसूत्र और कान के टॉप्स उतारने को कहा। महिला के जेवर अपने पास रखने के बाद आरोपियों ने उसे नकली नोटों की गड्डी थमा दी।भरोसा जीतने के लिए दिखाए असली नोटमहिला को विश्वास में लेने के लिए आरोपी ने किशोर को अपना बेटा बताया। इसके बाद गड्डी में से 500-500 रुपये के तीन असली नोट निकालकर महिला को दिखाए और कहा कि उसे बच्चे के लिए सामान खरीदना है। इस पूरे घटनाक्रम से महिला को यकीन हो गया कि उसके हाथ में दी गई गड्डी में असली नोट हैं।डर और झांसे में आई महिला ने अपने बाकी जेवर भी आरोपियों को सौंप दिए। इसके बाद दोनों आरोपी महिला को ऑटो में बैठाकर वहां से फरार हो गए।घटना के बाद महिला को ठगी का अहसास हुआ और उन्होंने कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी है।पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अनजान लोगों की बातों में आकर अपने जेवर, पैसे या अन्य कीमती सामान किसी को न सौंपें। संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *