भोपाल, 24 जून। गोंड साम्राज्य की वीरांगना एवं अदम्य साहस, स्वाभिमान तथा राष्ट्रभक्ति की प्रतीक महारानी दुर्गावती के शहादत दिवस के अवसर पर राजधानी भोपाल के साकेत नगर स्थित अमराई परिसर में विभिन्न सामाजिक संगठनों के गणमान्य नागरिकों एवं समाजसेवियों ने एकत्रित होकर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धा सुमन अर्पित किए।कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने महारानी दुर्गावती के अद्वितीय बलिदान, वीरता एवं समाज के प्रति उनके योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि उनका जीवन संघर्ष, आत्मसम्मान और राष्ट्र रक्षा का प्रेरणास्रोत है। उपस्थितजनों ने उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए सामाजिक एकता, अखंडता, जागरूकता, शिक्षा तथा स्वस्थ समाज निर्माण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।इस अवसर पर मध्य प्रदेश आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त अधिकारी आदरणीय रमेश गणावा जी, शासकीय सेवानिवृत्त ईएनसी आदरणीय जोश सिंह कुशरे जी, आदिवासी कलाकृति के क्षेत्र में विश्व प्रसिद्ध एवं राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित आदरणीय आनंद श्याम जी, योगाचार्य आदरणीय आर.एन. ठाकुर जी, एससी-एसटी-ओबीसी माइनॉरिटी राष्ट्रीय महासंघ के संरक्षक एवं सक्रिय समाजसेवी आदरणीय पवन पटेल जी, मध्य प्रदेश आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश संगठन सचिव शैलेंद्र मर्सकोले जी, सक्रिय समाजसेवी सुमेर सिंह ठाकुर जी, हरि उईके जी, केतुल मरकाम जी, पंडा मार्का जी सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।कार्यक्रम का समापन महारानी दुर्गावती के आदर्शों पर चलने तथा समाज में शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक समरसता एवं जनजागरण के कार्यों को आगे बढ़ाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।