गोंडवाना आदिवासी कला केंद्र

मध्य प्रदेश में मानसून ने पकड़ी रफ्तार, 45 जिलों में तेज बारिश और आंधी का अलर्ट,

मध्य प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून अब धीरे-धीरे सक्रिय होता जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटे प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण रहेंगे और इस दौरान मानसून के भोपाल एवं उज्जैन संभाग तक पहुंचने की संभावना है। वहीं ग्वालियर-चंबल, सागर, रीवा और शहडोल संभाग के जिलों में मानसून सबसे अंत में पहुंचने का अनुमान है।मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के 45 जिलों में तेज हवा और बारिश का अलर्ट जारी किया है। आगर-मालवा और सीहोर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से आंधी और तेज बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा भोपाल, इंदौर, उज्जैन, रायसेन, राजगढ़, विदिशा, देवास, रतलाम, मंदसौर, धार, झाबुआ, बड़वानी, खरगोन, खंडवा, नर्मदापुरम, हरदा, बैतूल, जबलपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सतना, सीधी, शहडोल, सागर, दमोह, पन्ना और अन्य कई जिलों में हल्की से भारी वर्षा होने की संभावना व्यक्त की गई है।इसके विपरीत ग्वालियर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, निवाड़ी और टीकमगढ़ जिलों में फिलहाल मौसम शुष्क रहने तथा धूप निकलने के आसार हैं।गुरुवार को प्रदेश के अनेक हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। शाजापुर में सर्वाधिक 51 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि श्योपुर और बालाघाट में भी उल्लेखनीय वर्षा हुई। इंदौर, खंडवा, छिंदवाड़ा, खरगोन, शिवपुरी और मैहर सहित कई जिलों में तेज हवा के साथ बारिश दर्ज की गई।लगातार वर्षा के चलते प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में गिरावट आई है। खरगोन प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भोपाल में अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री, इंदौर में 33.9 डिग्री, उज्जैन में 33.8 डिग्री, जबलपुर में 38.1 डिग्री तथा ग्वालियर में 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।मौसम विभाग के अनुसार अब तक मानसून प्रदेश के 15 जिलों—आलीराजपुर, इंदौर, हरदा, धार, बैतूल, खंडवा, बुरहानपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, खरगोन, सिवनी, बालाघाट, मंडला, बड़वानी और डिंडौरी—तक पहुंच चुका है। इन जिलों के कई क्षेत्रों में चार इंच से अधिक वर्षा दर्ज की गई है।मौसम विभाग ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने, तेज हवा और आकाशीय बिजली की स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर रहने तथा प्रशासन द्वारा जारी मौसम संबंधी सलाह का पालन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *