मध्यप्रदेश कृषि विस्तार अधिकारी संघ ने शासन द्वारा लंबे समय से लंबित मांगों पर कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिए जाने के विरोध में 25 अगस्त 2026 से प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की घोषणा की है।
संघ के प्रांतीय अध्यक्ष मोहन डामोर ने बताया कि कृषि विस्तार अधिकारी लंबे समय से ई-एचआरएमएस (eHRMS) प्रणाली में अनिवार्य ई-अटेंडेंस समाप्त करने, ₹2800 ग्रेड-पे प्रदान करने, अतिरिक्त केंद्र भत्ता ₹500 के स्थान पर ₹5000 प्रतिमाह करने तथा पटवारियों के समान ₹4000 एग्री स्टेक भत्ता देने जैसी मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि ज्ञापन, ऑनलाइन कार्यों का बहिष्कार, कलमबंद कार्य बहिष्कार एवं 21 अगस्त को भोपाल स्थित अंबेडकर पार्क में प्रांतीय धरना प्रदर्शन के बावजूद शासन द्वारा कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया।
संघ के अनुसार 24 अगस्त 2026 को प्रदेशभर के कृषि विस्तार अधिकारी सामूहिक अवकाश पर रहेंगे और यदि इसके बाद भी मांगों पर निर्णय नहीं हुआ तो
25 अगस्त 2026 से सभी कृषि विस्तार अधिकारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।
संघ ने शासन से मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर कृषि विस्तार अधिकारियों की समस्याओं का समाधान करने की अपील की है।