गोंडवाना आदिवासी कला केंद्र

‘नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0’ अभियान को मिली अंतरराष्ट्रीय पहचान, बालाघाट पुलिस ने बनाया रिकॉर्ड,

मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व और पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा के मार्गदर्शन में चलाया जा रहा “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान अब जनजागरूकता के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना रहा है। अभियान के तहत बालाघाट पुलिस की अभिनव पहल को वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, लंदन ने विश्व रिकॉर्ड के रूप में मान्यता देते हुए सर्टिफिकेट ऑफ एक्सीलेंस से सम्मानित किया है।बालाघाट पुलिस ने नशामुक्ति के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए जिले के विद्यालयों में एक साथ एक मिनट का नशामुक्ति शपथ कार्यक्रम आयोजित किया। इस आयोजन में जिले के 1,204 स्कूलों के लगभग 1.25 लाख विद्यार्थियों ने एक साथ नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया। इसके अलावा 5 लाख से अधिक नागरिकों ने ऑनलाइन माध्यम से अभियान से जुड़कर अपनी सहभागिता दर्ज कराई। व्यापक जनभागीदारी और सामाजिक जागरूकता के इस प्रयास को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया।मध्यप्रदेश पुलिस का मानना है कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल कानून लागू करने तक सीमित नहीं रह सकती। इसके लिए समाज के हर वर्ग, विशेषकर युवाओं, विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। बालाघाट पुलिस की यह पहल इसी सोच का सफल उदाहरण बनकर सामने आई है।

राज्यभर में चल रहे "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान के अंतर्गत पुलिस विभाग लगातार नशामुक्ति शपथ, जागरूकता रैलियां, संवाद कार्यक्रम, खेल प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक गतिविधियां तथा स्कूलों और कॉलेजों में विभिन्न रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। इन आयोजनों का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना और उन्हें स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।इस अभियान में मध्यप्रदेश के अन्य जिलों ने भी उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। इंदौर पुलिस कमिश्नरेट ने एक साथ 1,75,451 नागरिकों को ई-शपथ दिलाकर विश्व रिकॉर्ड बनाया, वहीं 8,534 लोगों की मानव श्रृंखला बनाकर एक ही आयोजन में दो विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किए। बड़वानी पुलिस ने 16,700 चित्रकला एवं स्लोगन शीट्स के माध्यम से नशामुक्ति का संदेश फैलाकर सम्मान प्राप्त किया, जबकि बुरहानपुर जिले में 32 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से नशामुक्ति संदेश लिखकर नया कीर्तिमान स्थापित किया।मध्यप्रदेश पुलिस ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान से जुड़कर नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं और युवा पीढ़ी को स्वस्थ, सुरक्षित एवं सकारात्मक भविष्य की ओर प्रेरित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *