
मेलोडी जंक्शन एवं सृजन कामना समाज कल्याण एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में “रफीनामा सीज़न-10 – आन मिलो सजना” का भव्य आयोजन शहीद भवन, एम.एल.ए. क्वार्टर्स, भोपाल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम मोहम्मद रफी की 46वीं पुण्यतिथि की पूर्व संध्या को समर्पित रहा, जिसमें शहर के संगीत प्रेमियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर रफी साहब को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।कार्यक्रम का शुभारंभ नुशूर अहमद एवं अमीषा मालवीय ने सदाबहार गीत “साथिया नहीं जाना” की प्रस्तुति से किया। इसके बाद संतोष तिवारी एवं मानसी इंग्ले ने “पत्ता-पत्ता बूटा-बूटा”, नरेश गिडवानी एवं नैना जैन ने “चुरा लिया है तुमने जो दिल को”, सुनीता श्रीवास्तव एवं नुशूर अहमद ने “जब आती होगी याद तेरी”, तथा दिलीप बेहरे एवं संतोष तिवारी ने “सात अजूबे इस दुनिया में” गीत प्रस्तुत कर श्रोताओं की खूब वाहवाही बटोरी।वरिष्ठ गायक डॉ. टी.एन. दुबे ने मोहम्मद रफी का कालजयी गीत “सुहानी रात ढल चुकी” प्रस्तुत कर समूचे सभागार को भाव-विभोर कर दिया। वहीं राजेंद्र मालवीय एवं अमीषा मालवीय ने “मिले दो कड़ी-कड़ी, एक जंजीर बने” की मधुर प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में विशेष रंग भर दिया।

कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन बद्र वासती ने किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पार्षद सरवर खान तथा विशेष अतिथि के रूप में बॉलीवुड कलाकार सय्यद खालिद मसूद उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने मोहम्मद रफी के संगीत योगदान को याद करते हुए आयोजकों की सराहना की और इस तरह के सांस्कृतिक आयोजनों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।कार्यक्रम के समापन पर मेलोडी जंक्शन की पूरी टीम, जिसमें साजिद प्रेमी, हमीदुल्ला मामू, सय्यद अली, सलील माथुर, मनीष माथुर, रज़ा दुर्रानी एवं राजीव श्रीवास्तव शामिल थे, ने सभी कलाकारों, श्रोताओं, पत्रकारों एवं छायाकारों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रेम नारायण एवं अशोक चैटवानी का विशेष सहयोग रहा।कार्यक्रम के प्रायोजक भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी), मध्य क्षेत्र तथा नीलू सोलर एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड रहे। अंत में उपस्थित सभी कलाकारों और संगीत प्रेमियों ने मोहम्मद रफी की 46वीं पुण्यतिथि की पूर्व संध्या पर उन्हें सामूहिक श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके अमर गीतों को याद किया। पूरे आयोजन को श्रोताओं ने भरपूर सराहना दी और इसे रफी साहब की यादों को संजोने वाला एक यादगार संगीत समारोह बताया।