राजधानी भोपाल में मंगलवार, 30 जून 2026 को नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार एवं AICC कोऑर्डिनेटर तथा NSUI के राष्ट्रीय सह-प्रभारी अनशुल त्रिवेदी ने संयुक्त पत्रकारवार्ता कर “छात्रों की गूंज” अभियान की विस्तृत जानकारी साझा की तथा अभियान के लिए गठित वर्किंग ग्रुप की घोषणा की।पत्रकारवार्ता के दौरान दोनों नेताओं ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता स्थापित करना, परीक्षा प्रणाली को सुरक्षित एवं निष्पक्ष बनाना तथा छात्रों की आवाज़ को एक प्रभावी मंच प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि वर्किंग ग्रुप में छात्र प्रतिनिधियों, शिक्षाविदों एवं युवा कार्यकर्ताओं को शामिल किया जाएगा, जिससे छात्रों की वास्तविक समस्याओं के आधार पर ठोस नीति-सुझाव तैयार किए जा सकें।पत्रकारवार्ता के उपरांत शाम 5:00 बजे सेकंड स्टॉप स्थित अम्बेडकर पार्क में NEET पेपर लीक प्रकरण के कारण आत्महत्या करने वाले छात्रों की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस अवसर पर उमंग सिंघार एवं अनशुल त्रिवेदी सहित बड़ी संख्या में छात्र, युवा एवं नागरिक उपस्थित रहे।श्रद्धांजलि सभा में दोनों नेताओं ने दिवंगत छात्रों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परीक्षा प्रणाली में व्याप्त खामियों एवं छात्रों पर बढ़ते मानसिक दबाव पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने प्रशासन से परीक्षा सुरक्षा सुनिश्चित करने, दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने तथा प्रभावित परिवारों को न्याय एवं हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।सभा में उपस्थित छात्रों एवं नागरिकों ने भी निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग दोहराई। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने आश्वासन दिया कि “छात्रों की गूंज” अभियान के माध्यम से छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर जागरूकता अभियान, जनसंवाद एवं आवश्यक कानूनी पहल को आगे भी निरंतर गति दी जाएगी।