मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के प्रभावी और व्यापक उपयोग से किसानों सहित समाज के सभी वर्गों तक शासकीय योजनाओं और सेवाओं का लाभ अधिक दक्षता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पहुँचाया जा सकेगा। राज्य सरकार की मंशा है कि एआई को विभिन्न शासकीय डाटाबेस से जोड़कर सेवा वितरण प्रणाली को और अधिक सशक्त बनाया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के सुनिश्चित किया जा सके।मुख्यमंत्री डॉ. यादव यह बात वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम, दावोस में NVIDIA की ग्लोबल एआई इनिशिएटिव्स की उपाध्यक्ष श्रीमती कैलिस्टा रेडमंड के साथ हुई बैठक के दौरान कही। बैठक में मध्यप्रदेश में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और उन्नत प्रौद्योगिकी आधारित पहलों के विस्तार, नवाचार को प्रोत्साहन देने तथा संभावित सहयोग के विभिन्न आयामों पर विस्तृत और सार्थक विचार-विमर्श किया गया।बैठक के दौरान यह अवगत कराया गया कि मध्यप्रदेश ने भूमि, श्रम और लॉजिस्टिक्स जैसे अपने मजबूत पक्षों का रणनीतिक और प्रभावी उपयोग करते हुए विभिन्न क्षेत्रों में तकनीक आधारित विकास को गति दी है। शिक्षा के क्षेत्र में डिजिटल प्लेटफॉर्म और नवाचारों के माध्यम से सीखने की प्रक्रिया को अधिक सुलभ, समावेशी और प्रभावी बनाया गया है। वहीं कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों और डेटा-आधारित समाधानों के उपयोग से किसानों को बेहतर जानकारी, सेवाएँ और निर्णय-सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।मुख्यमंत्री ने कहा कि डिजिटल समाधान, डेटा-आधारित निर्णय प्रणाली और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी उभरती तकनीकों को अपनाकर शासन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, त्वरित और उत्तरदायी बनाया जा रहा है। इन प्रयासों का मुख्य उद्देश्य नागरिकों तक योजनाओं और सेवाओं की लक्षित एवं समयबद्ध पहुँच सुनिश्चित करना है, ताकि तकनीक के माध्यम से समावेशी और सतत विकास को साकार किया जा सके।NVIDIA की ग्लोबल एआई इनिशिएटिव्स की उपाध्यक्ष कैलिस्टा रेडमंड ने बताया कि NVIDIA संप्रभु (सॉवरेन) एआई के विकास के लिए पाँच प्रमुख रणनीतियों पर कार्य कर रही है, जिनका उद्देश्य एआई को देशों की विशिष्ट आवश्यकताओं, प्राथमिकताओं और नीतिगत ढांचे के अनुरूप विकसित करना है। उन्होंने कहा कि एआई के माध्यम से कुशल मानव संसाधन को उपयुक्त उद्योगों और अवसरों से प्रभावी रूप से जोड़ा जा सकता है, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और नवाचार को गति मिलेगी।

कैलिस्टा रेडमंड ने भारत के विभिन्न राज्यों में संचालित एआई पायलट प्रोजेक्ट्स का उल्लेख करते हुए कहा कि NVIDIA की मंशा है कि एआई समाधान भारत की विशिष्ट जरूरतों के अनुरूप विकसित हों तथा वे भारतीय डेटा और मॉडल्स से जुड़े हों, जिससे तकनीक अधिक प्रासंगिक, उपयोगी और प्रभावी सिद्ध हो सके।बैठक में मध्यप्रदेश सरकार और NVIDIA के बीच इस संवाद को आगे बढ़ाते हुए राज्य में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और उन्नत प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में आपसी सहयोग को और अधिक सुदृढ़ करने, साझेदारी के नए अवसरों की पहचान करने तथा पारस्परिक लाभ के आधार पर दीर्घकालिक सहयोग विकसित करने पर सहमति व्यक्त की गई। इस सहयोग से राज्य में नवाचार, कौशल विकास और तकनीक-आधारित विकास को नई दिशा मिलने की संभावना है।