मध्यप्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने और खेती-किसानी को अधिक लाभकारी बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी दिशा में प्रदेश के किसानों को अब खेती के कार्यों के लिए दिन में 10 घंटे बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सरकार किसानों से किए गए वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। आधुनिक कृषि तकनीक, फसल विविधीकरण और कृषि उत्पादों के बेहतर मूल्य दिलाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को मंत्रालय से सिवनी जिले के सिमरिया मंडी प्रांगण में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को वर्चुअली संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि रबी फसलों की सिंचाई के लिए दिन में 10 घंटे निर्बाध बिजली मिलने से किसानों को रात के समय खेतों में सिंचाई करने की मजबूरी से राहत मिलेगी।मुख्यमंत्री ने धान उपार्जन पंजीयन को लेकर बताया कि किसानों की सुविधा को देखते हुए पंजीयन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 4 नवंबर कर दी गई है, ताकि कोई भी पात्र किसान समर्थन मूल्य पर अपनी उपज बेचने के अवसर से वंचित न रहे।सिवनी में बनेगा फूड पार्क, किसानों को मिलेगा उपज का बेहतर मूल्यमुख्यमंत्री ने सिवनी जिले की कृषि और स्थानीय उत्पादों की विशेषताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां का जीराशंकर चावल अपनी सुगंध और स्वाद के लिए अलग पहचान रखता है। वहीं, जिले का जंबो सीताफल भी अपनी मिठास और बड़े आकार के कारण विशेष पहचान बना रहा है।उन्होंने कहा कि टमाटर, मिर्च, अलसी, सरसों और सूरजमुखी जैसी फसलों के उत्पादन में भी जिले में अच्छी संभावनाएं हैं। किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने और स्थानीय स्तर पर प्रसंस्करण को बढ़ावा देने के लिए सिवनी में जल्द ही फूड पार्क स्थापित किया जाएगा। इससे कृषि आधारित उद्योगों को प्रोत्साहन मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मना रही सरकारमुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इसका उद्देश्य किसानों को पारंपरिक खेती के साथ आय के अतिरिक्त स्रोतों से जोड़ना है। सरकार दलहन, तिलहन, उद्यानिकी और नकदी फसलों की खेती को प्रोत्साहित कर रही है।उन्होंने कहा कि खेती को केवल फसल उत्पादन तक सीमित न रखते हुए पशुपालन, मत्स्य पालन और खाद्य प्रसंस्करण जैसी गतिविधियों से जोड़ने की आवश्यकता है। इससे किसानों की आय बढ़ेगी और कृषि क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर भी विकसित होंगे। उन्होंने जेवनारा मत्स्य बीज प्रक्षेत्र की भूमिका की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण बताया।मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना से 60 लाख ग्रामीणों को मिलेगा संपत्ति का अधिकारमुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना की जानकारी देते हुए कहा कि इसके माध्यम से ग्रामीण आबादी क्षेत्र की संपत्तियों का सर्वेक्षण कर पात्र हितग्राहियों को अधिकार अभिलेख और रजिस्ट्री उपलब्ध कराई जाएगी।उन्होंने बताया कि प्रदेश के 60 लाख से अधिक ग्रामीणों को उनकी संपत्ति का पक्का कानूनी अधिकार दिलाने के लिए राज्य सरकार लगभग 10 हजार करोड़ रुपये खर्च करेगी। इससे ग्रामीण परिवार अपनी संपत्ति का स्वतंत्र रूप से उपयोग कर सकेंगे और जरूरत पड़ने पर बैंक से ऋण लेकर आर्थिक गतिविधियों को भी आगे बढ़ा सकेंगे।मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के तहत शासकीय सुगम बस सेवा दोबारा शुरू किए जाने का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी।आधुनिक खेती अपनाने वाले किसानों का किया उत्साहवर्धनबलराम कृषि महोत्सव में मुख्यमंत्री ने किसान क्विज प्रतियोगिता के विजेताओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन किसानों को आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक पद्धतियों और कृषि नवाचारों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। युवाओं को भी खेती में नई तकनीकों का उपयोग कर इसे रोजगार और स्वरोजगार का बेहतर माध्यम बनाने के लिए आगे आना चाहिए।कार्यक्रम में बालाघाट-सिवनी लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती भारती पारधी, अपेक्स बैंक के प्रशासक श्री महेंद्र सिंह यादव और सिवनी विधायक श्री दिनेश राय ने भी अपने विचार रखे। इस दौरान जिले के प्रगतिशील किसानों ने कृषि एवं उससे जुड़ी गतिविधियों में किए गए नवाचारों और अपने अनुभव साझा किए।कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को दी आधुनिक तकनीकों की जानकारीमहोत्सव में कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों और विभिन्न विषयों के विशेषज्ञों ने किसानों को उन्नत फसल उत्पादन, आधुनिक कृषि पद्धतियों और नई तकनीकों की जानकारी दी। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉलों के माध्यम से कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन और मत्स्य पालन से संबंधित सरकारी योजनाओं, उनके लाभ और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई।कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन, जनपद अध्यक्ष सिवनी श्रीमती किरण भलावी, पूर्व विधायक श्री नरेश दिवाकर, श्री आलोक दुबे, श्री प्रदीप राय सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, किसान और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।