गोंडवाना आदिवासी कला केंद्र

खातेगांव में दर्दनाक घटना: अवैध शराब से भरे ट्रक की चपेट में आने से नगर निरीक्षक दिलीप पुरी की मौत,

कन्नौद/खातेगांव। देवास जिले के खातेगांव में अवैध शराब की तस्करी रोकने के दौरान एक दर्दनाक घटना सामने आई है। शराब से भरे ट्रक की चपेट में आने से खातेगांव के नगर निरीक्षक (थाना प्रभारी) दिलीप पुरी की मौत हो गई। इस घटना के बाद पुलिस महकमे में शोक और हड़कंप का माहौल है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर निरीक्षक दिलीप पुरी अवैध शराब की तस्करी पर रोक लगाने के लिए कार्रवाई कर रहे थे। इसी दौरान खातेगांव-नेमावर मार्ग पर शराब से भरे एक ट्रक की चपेट में आने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनकी मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।पुलिस द्वारा ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें शराब की 298 पेटियां बरामद हुईं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस शराब की सप्लाई टिमरनी से होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, शराब के स्रोत और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी खातेगांव पहुंचे। पुलिस द्वारा पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। वहीं, नगर निरीक्षक दिलीप पुरी के शव का अस्पताल में पोस्टमार्टम कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद पार्थिव शरीर को उनके गृह जिले धार के राजोद भेजा गया, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। कन्नौद थाना परिसर में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।कानून व्यवस्था पर उठे सवालइस घटना के बाद क्षेत्र के नागरिकों में आक्रोश और चिंता का माहौल है। लोगों का कहना है कि जब कानून की रक्षा करने वाले पुलिस अधिकारी ही इस तरह की घटनाओं का शिकार हो रहे हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है। लोगों ने अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।स्थानीय स्तर पर यह मांग भी उठ रही है कि मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, ताकि घटना के पीछे की वास्तविक परिस्थितियां सामने आ सकें। नागरिकों ने अवैध कारोबार से जुड़ी शिकायतों और सूचनाओं को गंभीरता से लेने की आवश्यकता पर भी जोर दिया है।अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या यह महज एक दुर्घटना थी या अवैध शराब तस्करी रोकने की कार्रवाई के दौरान जानबूझकर की गई कोई साजिश? फिलहाल इस संबंध में पुलिस जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह और जिम्मेदार लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

संवाददाता: हेमंत सोलंकी, कन्नौद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *