प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के राष्ट्रसेवा और जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर उज्जैन में सेवा ज्योति कलश एवं मशाल यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री श्री मोदी को राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण करने पर प्रदेशवासियों की ओर से हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी की राष्ट्र निर्माण की यात्रा 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई थी, जो आज 25 वर्षों के गौरवपूर्ण पड़ाव पर पहुंच रही है। यह यात्रा “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के संकल्प को साकार करने की निरंतर साधना रही है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने अपने जीवन का प्रत्येक क्षण देश और समाज की सेवा के लिए समर्पित किया है। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से प्रधानमंत्री के सुदीर्घ, स्वस्थ और यशस्वी जीवन की कामना भी की।2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्पमुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सेवा ज्योति यात्रा में शामिल नागरिकों को वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश भी प्रधानमंत्री श्री मोदी के मार्गदर्शन में विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर निर्माण हुआ। मध्यप्रदेश में भी समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर विधानसभा के माध्यम से महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।महाकाल लोक से उज्जैन में बढ़ा धार्मिक पर्यटनमुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के कर-कमलों से उज्जैन में श्री महाकाल लोक का लोकार्पण हुआ, जिसके बाद उज्जैन देश के प्रमुख धार्मिक पर्यटन केंद्रों में शामिल हुआ है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 तक उज्जैन में लगभग 60 से 70 लाख श्रद्धालु आते थे, जबकि वर्ष 2025 में यह संख्या बढ़कर करीब 7 करोड़ तीर्थ यात्रियों तक पहुंच गई। प्रदेश में पर्यटकों की संख्या भी 20 करोड़ से अधिक हो गई है।जनकल्याणकारी योजनाओं से बदली करोड़ों लोगों की जिंदगीमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने कोरोना जैसी वैश्विक चुनौती का मजबूती से सामना किया। अनुच्छेद 370 से जुड़े ऐतिहासिक निर्णय, नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई तथा आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक जीवन की यात्रा आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण के लिए देशवासियों को निरंतर प्रेरणा देती है।कार्यक्रम में सांसद श्री अनिल फिरोजिया, राज्यसभा सदस्य श्री उमेश नाथ जी महाराज, विधायक श्री अनिल जैन कालूहेड़ा, जितेंद्र पंडिया, सतीश मालवीय, डॉ. तेज बहादुर सिंह चौहान सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।