इंदौर। मध्यप्रदेश ने वैश्विक संपर्क की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए अपनी पहली अंतरराष्ट्रीय डायरेक्ट फ्लाइट इंदौर से आबू धाबी के लिए शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को देवी अहिल्याबाई होल्कर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से इस ऐतिहासिक उड़ान को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मध्यप्रदेश नागरिक विमानन नीति-2025 के तहत शुरू हुई यह सेवा फिलहाल सप्ताह में चार दिन—सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार—संचालित होगी।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इसे केवल एक नई हवाई सेवा नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश के विकास, वैश्विक पहचान और आर्थिक प्रगति की नई उड़ान बताया। उन्होंने कहा कि इंदौर और आबू धाबी के बीच सीधा हवाई संपर्क भारत और संयुक्त अरब अमीरात के बीच व्यापार, निवेश, पर्यटन, शिक्षा और सांस्कृतिक संबंधों को नई मजबूती देगा। अब तक यात्रियों को इस यात्रा में लगभग आठ घंटे लगते थे, लेकिन डायरेक्ट फ्लाइट शुरू होने से यह दूरी मात्र 3 घंटे 15 मिनट में तय की जा सकेगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लागू की गई मध्यप्रदेश नागरिक विमानन नीति का उद्देश्य प्रदेश को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय हवाई नेटवर्क से जोड़ना है। इसी सोच के तहत राज्य सरकार इस अंतरराष्ट्रीय उड़ान के लिए प्रति फ्लाइट लगभग 15 लाख रुपये की वायबिलिटी गैप फंडिंग उपलब्ध करा रही है, जिससे यात्रियों को भी कम किराए का लाभ मिलेगा।उन्होंने बताया कि प्रदेश में हवाई संपर्क का लगातार विस्तार किया जा रहा है। रीवा, इंदौर, दिल्ली और रायपुर के बीच सेवाएं पहले से संचालित हैं, जबकि जल्द ही जबलपुर, भोपाल और रीवा से कई नए शहरों के लिए उड़ानें शुरू की जाएंगी। धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पीएमश्री हेली सेवा और जरूरतमंद मरीजों के लिए एयर एंबुलेंस सेवा भी शुरू की गई है।मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश में तीन नए एयरपोर्ट शुरू हुए हैं और उज्जैन व शिवपुरी में नए एयरपोर्ट का निर्माण तेजी से चल रहा है। सरकार का लक्ष्य आने वाले वर्षों में प्रदेश के प्रमुख शहरों को बेहतर हवाई संपर्क से जोड़ना है, ताकि उद्योग, व्यापार, पर्यटन और निवेश को नई गति मिल सके।इंदौर सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि इंदौर एयरपोर्ट लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। उन्होंने बढ़ती यात्री संख्या को देखते हुए एयरपोर्ट के विस्तार, नए टर्मिनल और रनवे की लंबाई बढ़ाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, विधायक मालिनी गौड़, विधायक गोलू शुक्ला, महापौर पुष्यमित्र भार्गव सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।इंदौर से आबू धाबी की यह सीधी उड़ान केवल एक नई हवाई सेवा नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश की बढ़ती आर्थिक क्षमता, वैश्विक विश्वास और आत्मनिर्भर विकास की दिशा में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है। यह पहल प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय व्यापार, निवेश और पर्यटन के नए अवसरों से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगी।